छतरपुर जिले की बड़ामलहरा सीट से कांग्रेस पार्टी ने उपचुनाव में साध्वी रामसिया भारती को चुनाव में उतारा था। इससे पहले 2018 में हुए मुख्य चुनाव में भी वे टिकट की दावेदार थी, लेकिन उनका नंबर नहीं लग पाया था। इसके बाद हुए उपचुनाव में इन्होंने भारतीय जनता पार्टी की फायर ब्रांड नेता उमा भारती को सीधी चुनौती दी थी। भाजपा की उमा भारती टीकमगढ़ जिले की हैं। छतरपुर-टीकमगढ़ जिले में उन्हें निर्विवाद रूप से लोधी समाज का एकमात्र नेता माना जाता है। मध्यप्रदेश में केवल छतरपुर-टीकमगढ़ जिला ही क्या, आसपास के कई जिलों में भी उमा भारती को लोधी समाज का सबसे बड़ा नेता माना जाता है। कांग्रेस ने उपचुनाव में लोधी समाज की ही साध्वी रामसिया भारती को टिकट देकर लोधी समाज में एक नए नेता का उदय कर दिया था।