जयपुरPublished: Oct 17, 2023 02:55:55 pm
Sanjay Kumar Srivastava
Rajasthan BJP family expands : आज मंगलवार को राजस्थान के दो बड़े नेता कल्याण सिंह कालवी के पोते भवानी सिंह कालवी और विश्वराज सिंह मेवाड भाजपा में शामिल हो गए हैं।
Bhawani Singh Kalvi - Vishvaraj Singh Mewar join BJP : राजस्थान में भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को कल्याण सिंह कालवी के पोते भवानी सिंह कालवी ने दिल्ली भाजपा मुख्यालय पर भाजपा ज्वाइन की। इसके साथ ही मेवाड़ राजघराने के महाराणा प्रताप के वंशज विश्वराज सिंह मेवाड़ भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। दोनों नेताओं को दिल्ली भाजपा मुख्यालय पर ज्वाइन कराया गया। अरुण सिंह, दिया कुमारी, सीपी जोशी और अर्जुन राम मेघवाल ने विश्वराज सिंह मेवाड़ और भवानी सिंह कालवी को भाजपा ज्वाइन करवाई।
सी पी जोशी ने किया स्वागत
राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष सी पी जोशी ने कहा, जिनकी आज पार्टी में सदस्यता हुई है वह वीर महाराणा प्रताप के वंशज विश्वराज सिंह मेवाड़ हैं, और दूसरे भवानी सिंह कालवी जिनके पिता करनी सेना के अध्यक्ष रहे हैं। सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विजन में आस्था रखते हुए इन दोनों नेताओं ने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। इनके परिवार का एक इतिहास रहा है और भाजपा के साथ इनके जुड़ने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
दोनों नेताओं की जॉइनिंग महत्वपूर्ण - अर्जुन राम मेघवाल
दोनों नेताओं का भाजपा में स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा राजस्थान में बदलाव तय है। चुनाव की तारीख की घोषणा के बाद यह जॉइनिंग हो रही है और इसलिए यह बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा कि राजस्थान में इनका बड़ा योगदान रहने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने का जो संकल्प लिया है, उसमें राजस्थान की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होने वाली है और राजस्थान को विकसित राजस्थान बनाने में आज की इस जॉइनिंग की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी।