
कोटा .
कुन्हाड़ी क्षेत्र स्थित सरकारी डिस्पेंसरी के बाहर जलदाय विभाग ने मुसीबत का गड्ढा खोद दिया है। डिस्पेंसरी में नल कनेक्शन ठीक करने के लिए यह गड्ढा खोदा गया, लेकिन बंद करने के बजाए उस पर बड़े पत्थर रख दिए। नतीजा, लोग चोटिल हो रहे हैं। बालिता रोड निवासी बाइक सवार छत्रपाल सिंह अंधेरा होने के कारण इन पत्थरों से टकरा गया। उसके सिर पर काफी चोट आई।
Read More: पहले पिता के निधन के शोक में डूबे, फिर जैसलमेर की रेत में सूर्योदय से सूर्यास्त तक 80km दौडे और बन गए कोटा के पहले टफमेन
...तो बेरिकेड्स लगाते
नियमानुसार अगर मुख्य मार्ग पर गड्ढा खोदा जाता है तो उसके चारों तरफ खतरे का निशान लगाना चाहिए, लेकिन विभाग ने यहां ऐसा कुछ भी नहीं किया। वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है।
जलदाय विभाग के एईएन डीपी चौधरी ने बताया कि कुन्हाड़ी डिस्पेंसरी का कनेक्शन लीकेज होने के कारण गड्ढा खोदा था और लीकेज को ठीक करने के लिए अनुमति नहीं ली जाती है। वहां नमी होने के कारण गड्ढे पर कुछ दिन के लिए पत्थर रखे थे, जल्द ही सीसी करवा दिया जाएगा।
इधर, पाइप लाइन बिछाने के लिए बिना अनुमति खोद डाली सड़क
जलदाय विभाग की ओर से चौपाटी व फर्नीचर मार्केट में मंगलवार को बिना अनुमति पाइप लाइन बिछाने के लिए जेसीबी मशीन से सड़क की खुदाई कर दी गई। इससे आवागमन बंद हो गया है। आसपास के दुकानदारों और ग्राहकों को खासी परेशानी हुई। क्षेत्रीय पार्षद रमेश आहूजा ने बताया कि बिना अनुमति रोड कटिंग की नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता को शिकायत की, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। आहूजा ने इस बारे में महापौर महेश विजय के समक्ष आपत्ति जताई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महापौर ने कहा कि जलदाय विभाग के माध्यम से खोदी गई सड़क की मरम्मत करवाई जाएगी। यदि वह सड़क को दुरुस्त नहीं करेंगे तो निगम के माध्यम से मुकदमा दर्ज करवाएंगे।
पार्षद प्रकाश सैनी व धु्रव राठौर ने भी कहा कि शहर में बिना अनुमति सड़कों की धड़ाधड़ खुदाई चल रही है। लोगों के गुस्से का पार्षदों को सामना करना पड़ता है। रोड कटिंग से पहले संबंधित पार्षद को भी जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि वह लोगों को इस संबंध में सन्तुष्ट कर सकें।
Published on:
03 Jan 2018 12:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
