
accident
पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
लखीमपुर खीरी ( accident ) फूलबेहड़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई एक दर्दनाक दुर्घटना में बाप बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। कार में कुल सात लोग सवार थे। इनमें से दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। चार लोग कार के अंदर से मृत हालत में मिले जबकि कार चालक की तलाश की जा रही है।
घटनाक्रम के अनुसार यह घटना ( car accident ) देर रात करीब 1:30 बजे हुई फोर्ड फिगो कार में सवार होकर रमवापुर सिकटीहा गांव से सात लोग धरहरा के शाहपुर अमेठी गांव में आयोजित एक प्रोग्राम में शामिल होने के लिए गए थे। वहां इन्हें देर हो गई और देर रात यह सभी लोग उसी कार में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। आधी रात को करीब 1:30 बजे नहर की पुलिया पर कार बेकाबू हो गई। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आई और इसी दौरान शारदा नगर नहर पर बने पुल की रेलिंग तोड़ते हुए कार नदी में जा गिरी। बताया जाता है कि रेलिंग से टकराने के बाद कार की डिक्की खुल गई जिसमें दो लोग सवार थे और यह दोनों ही डिक्की खुलने पर सड़क पर गिर गए जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग नहर में जा गिरे। इनमें से चार की मौत हो गई। चालक का कोई पता नहीं चल सका।
इस दुर्घटना का पता चलने पर आसपास के गांव से लोग मौके पर पहुंच गए। रात्रि में ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और ग्रामीणों की मदद से कार को खींचकर नहर से बाहर निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक विजय ढुल ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे नहर कार में गिर गई थी सूचना मिलते ही गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दुर्घटना में डिग्गी में सवार दोनों लोग बच गए। चार लोग कार के अंदर से मृत हालत में मिले हैं लेकिन कार का चालक अभी लापता है जिसकी तलाश की जा रही है। मरने वालों में एक बाप बेटा भी हैं। जिनकी मौत हुई है उनमें रामपुर सिकटीया गांव निवासी 25 वर्षीय अजय और उसका बेटा प्रियांशु समेत 25 वर्षीय दीपक और 30 वर्षीय ललित वर्मा शामिल हैं। कार चालक सुमित का पता नहीं चल सका जिसकी तलाश की जा रही है।
Updated on:
14 May 2021, 7:03 PM IST
Published on:
14 May 2021, 6:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.