मेरठ. श्री श्री रविशंकर के ट्वीट से मेरठ के मुस्लिम संगठनों में आक्रोश है। मीम सेना के प्रमुख और मुस्लिमों के धार्मिक नेता शादाब ने कहा कि रविशंकर ने राम मंदिर के मुद्दे पर जो बयानबाजी की है उसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रविशंकर विहिप और बजरंग दल मिलकर कोई बड़ी साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रीश्री रविशंकर को कैसे पता चला कि अगर राम मंदिर नहीं बना तो भारत के हालात सीरिया जैसे हो जाएंगे। इसका सीधा सा मतलब है कि मुस्लिम विरोधी संगठन मिलकर कोई बड़ी साजिश रच रहे हैं। इस साजिश की जांच एनआईए से करवाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है, अगर कोई इस फैसले के खिलाफ जाएगा तो इसका सीधा सा मतलब है कि देश को तोड़ने की बहुत बड़ी साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग शांतिदूत बनकर शांति की बात करने का ढोंग करते हैं ये लोग शांति दूत नहीं नफरत दूत हैं। उन्होंने कहा कि मीम सेना ऐसे लोगों का इलाज करेगी और इनके खिलाफ लड़ाई लड़ेगी।