मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, 'चक्रवाती तूफान मौजूदा समय में ओडिशा के गोपालपुर से दक्षिण-पूर्व दिशा में 240 किलोमीटर दूर है। इसके गुरुवार सुबह ओडिशा और आंध्रप्रदेश के तटीय इलाकों में पहुंचने की संभावना है और इसके बाद यह गांगेय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ेगा।' उन्होंने कहा कि मैदानी इलाकों में आने के बाद तूफान की तीव्रता लगातार कमजोर होती जाएगी। अधिकारी ने कहा, 'चक्रवाती तूफान की वजह से 10 अक्टूबर से 13 अक्टूबर के बीच पश्चिम बंगाल के जिलों में मध्यम दर्जे से लेकर भारी बारिश हो सकती है, जबकि तटीय जिलों जैसे पूर्व और पश्चिम मिदनापुर, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हुगली और हावड़ा में भारी बारिश होने की संभावना है।'