
कश्मीर: अनंतनाग में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने मार गिराया एक आतंकी, पुलिसकर्मी घायल
नई दिल्ली। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिस और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। यहां पुलिसकर्मियों ने जवाबी फायरिंग करते हुए एक आतंकी को मार गिराया। हालांकि मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया, जिसको इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार आतंकी रानीपुरा क्षेत्र के अछाल इलाके में पुलिसकर्मियों से हथियार छीनने का प्रयास कर रहे थे।
आतंकी की अभी तक शिनाख्त नहीं
वहीं मुठभेड़ में ढ़ेर आतंकी की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटा के बाद अनंतनाग के रानीपुरा इलाके की नाकाबंदी कर सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आपको बता दें कि इससे तीन दिन पूर्व सेना ने जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर एक घुसपैठिए को मार गिराया था। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार घुसपैठिए को चुनौती दी गई, उसने फायरिंग की और सेना ने जवाबी कार्रवाई की थी। घुसपैठिए को मार गिराया गया और उसका शव जम्मू एवं कश्मीर पुलिस को सौंप दिया गया था।
सूत्रों ने कहा कि यह घटना नियंत्रण रेखा के पास केरी इलाके में हुई थी। हालांकि, मारे गए आतंकवादी के पास से किसी तरह के हथियार बरामद किए जाने की पुष्टि नहीं हुई थी। आपको बता दें कि कश्मीर में सीमा पार से घुसपैठ के मामले बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को कश्मीर के रहने वाले दो संदिग्ध इस्लामिक स्टेट (आईएस) आतंकवादियों को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से दो पिस्तौल व 10 कारतूस जब्त किए गए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
Published on:
08 Sept 2018 07:51 am
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
