
पाक विदेश सचिव ने ईद पर दिल्ली में पढ़ी नमाज, मोदी-इमरान बैठक की अटकलें तेज
नई दिल्ली।पुलवामा हमले और बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद भारत-पाक के रिश्तों में चल रही खटास आने वाले समय में मिठास के रूप में बदल सकती है। ऐसे संकेत पाकिस्तान के विदेश सचिव सोहेल महमूद ने दिए हैं। दरअसल, भारत में पाक के पूर्व उच्चायुक्त रह चुके सोहेल महमूद फिलहाल भारत आए हैं। ईद के दिन बुधवार को उन्होंने दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में नमाज पढ़ी। पाक विदेश सचिव की इस यात्रा से भारतीय अफसरों से उनकी बैठक की अटकलें लगाई जा रही हैं।
दिल्ली की जामा मस्जिद में नमाज
विदेश नीति के जानकारों का मानना है कि अगले हफ्ते किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच मुलाकात हो सकती है। दरअसल, पिछले साल अप्रैल में कार्यकाल खत्म होने के बाद सोहेल महमूद भारत से पाकिस्तान लौट गए थे, लेकिन ईद के मौके पर उनको दिल्ली की जामा मस्जिद में नमाज पढ़ते देखा गया। इस दौरान उनके साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तैनात पाकिस्तान के सीनियर डिप्लोमैट भी थे। हालांकि दोनों देशों की ओर से अभी तक इस बार में कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है।
यह खबर भी पढ़ें— ममता बनर्जी का भाजपा पर हमला- 'हमसे टकराएगा वो चूर-चूर हो जाएगा'
सोहेल महमूद भारत में PAK उच्चायुक्त थे
आपको बता दें कि पाक विदेश सचिव बनने से पहले सोहेल महमूद भारत में उच्चायुक्त थे। सोहेल मंगलवार को ही पाकिस्तान से नई दिल्ली आए थे। माना जा रहा है कि वह शुक्रवार को वापस अपने वतन लौट सकते हैं। हालांकि एक रिपोर्ट में बताया गया कि सोहेल अपने परिवार को दिल्ली से इस्लामाबाद शिफ्ट कराने आए हैं। वहीं, अटकलें लगाई जा रही हैं कि शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी और उनके समकक्ष पाक पीएम इमरान खान की मुलाकात हो सकती है।
यह खबर भी पढ़ें— कश्मीर: पुलवामा में आतंकियों का कहर, महिला की गोली मार कर की हत्या
PM मोदी को फोन पर दी थी बधाई
गौरतलब है कि इमरान खान ने भारत में हुए लोकसभा चुनाव में मिली भारी जीत के लिए PM मोदी को फोन पर बधाई दी थी। इसके साथ ही इमरान खान ने तब भारतीय उपमहाद्वीप में अमन और चैन बनाए रखने की इच्छा भी व्यक्त की थी।
Updated on:
6 Jun 2019, 1:33 PM IST
Published on:
6 Jun 2019, 10:03 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.