स्काइमेट के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, दक्षिणी गुजरात, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय रहा जिससे अच्छी बारिश हुई। जबकि अगले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के पश्चिमी और मध्य भागों, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मानसून काफी सक्रिय रहेगा, जिससे अच्छी बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून का प्रदर्शन इस साल जून में काफी अच्छा रहा और पूरे भारत में औसत से 18 फीसदी अधिक बारिश हुई।