
कर्नाटक चुनाव : भाजपा की पहली लिस्ट जारी 189 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा, 52 नए चेहरे पर लगाया दांव
Karnataka elections 2023 BJP first list काफी लम्बे इंतजार के बाद आखिरकार वो दिन आ गया जब भाजपा ने कर्नाटक चुनाव 2023 के लिए अपनी पहली सूची जारी की। भाजपा ने अपनी पहली सूची में 189 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। भाजपा ने पहली सूची में एक बड़ा दांव खेला है। इस बार भाजपा ने नए चेहरे पर दांव लगाया है। इस लिस्ट में 52 ऐसे उम्मीदवार हैं जो पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। कनार्टक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए राजधानी दिल्ली में दो दिन तक चुनावी मंथन किया गया। इसी भारतीय जनता पार्टी चुनाव समिति की बैठक के पहले दिन पीएम मोदी ने कहा था कि, इस बार युवा चेहरों को मौका देते हुए दागी नेताओं से किनारा किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई शिगगांव से लड़ेंगे चुनाव
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने घोषणा कि, कर्नाटक मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई शिगगांव से चुनाव लड़ेंगे। कागवाड़ से बाला साहेब पाटिल, मुदूल से गोविंद कारजोल, बेल्लारी से श्रीरामुलु, मुर्गेश निरानी बिलगी से चुनावी मैदान में होंगे। सीटी रवि को चिकमंगलुरु से टिकट दिया गया है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र शिकारीपुरा सीट से चुनाव लड़ेंगे। राज्य के मंत्री बी श्रीरामुलु बेल्लारी ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ेंगे।
आर.अशोक पद्मनाभनगर और कनकपुरा से लड़ेंगे चुनाव
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुधाकर के. चिक्कबल्लापुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। राज्य के मंत्री डॉ. अश्वथनारायण सीएन मल्लेश्वरम सीट से चुनाव लड़ेंगे। राज्य के मंत्री आर.अशोक 2 सीटों- पद्मनाभनगर और कनकपुरा से चुनाव लड़ेंगे।
पहली सूची में आठ महिलाओं को मिली जगह
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि, भाजपा की पहली सूची में आठ महिलाओं को जगह दी गई है। भाजपा ने 32 ओबीसी, 30 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है।
पांच उम्मीदवार वकील और नौ डॉक्टर हैं
राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि, पहली सूची में पांच उम्मीदवार पेशे से वकील और नौ डॉक्टर हैं। इसके अलावा सेवानिवृत्त एक आईएएस, एक आईपीएस और तीन अधिकारियों को टिकट दिया गया है। सूची में 31 परास्नातक और तीन अकादमिक उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है।
कर्नाटक में जीत तय - अरुण सिंह
कर्नाटक प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने राज्य के अन्य चुनाव प्रभारियों के साथ पार्टी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करते हुए कहाकि, कर्नाटक में जीत तय है। कर्नाटक की जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी धीरे-धीरे सिकुड़ती जा रही है और जहां तक कर्नाटक का सवाल है, वहां कांग्रेस पार्टी में विभाजन और गुटबाजी हावी है, जबकि जेडीएस एक सिंकिंग शिप की तरह डूबता जा रहा है।
ईश्वरप्पा ने राजनीति से लिया ‘संन्यास’
कर्नाटक में भाजपा के वरिष्ठ नेता ईश्वरप्पा ने चुनावी राजनीति से ‘संन्यास’ लिया है। ईश्वरप्पा ने मंगलवार को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से कहा कि, वह चुनावी राजनीति से संन्यास लेना चाहते हैं और 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में किसी सीट से उन्हें उम्मीदवार बनाने पर विचार नहीं करने का आग्रह भी किया।
कर्नाटक विधानसभा के लिए 10 मई को होगी वोटिंग
224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा के लिए 10 मई को मतदान होगा। और 13 मई को मतों की गिनती की जाएगी।
देखें पूरी लिस्ट -------
Updated on:
27 Apr 2023 02:36 pm
Published on:
11 Apr 2023 10:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
