
Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर को लेकर रविवार को सेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेना ने बताया कि पहलगाम हमले के गुनाहगारों को किस तरह से सजा दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सेना से एक सवाल पूछा गया कि पाकिस्तानी सेना की ओर से दावा किया जा रहा है कि उसने इंडियन एयरफोर्स के राफेल जेट को मार गिराया। इस पर आपका क्या कहना है? इस सवाल का एयर फोर्स की तरफ से एयर मार्शल एके भारती ने जवाब दिया।
एयर मार्शल एके भारती ने सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हम कॉम्बैट की स्थिति में हैं और नुकसान होना इसका एक हिस्सा है। आपको जो सवाल पूछना चाहिए वह यह है कि क्या हमने आतंकवादियों के शिविरों को नष्ट करने के अपने उद्देश्य को हासिल कर लिया है? क्या हमने अपने उद्देश्य हासिल कर लिए हैं? इसका जवाब हां है।
उन्होंने आगे कहा कि जहां तक डीटेल्स की बात है क्या हो सकता था, कितनी संख्या और हमने कौन-सा प्लेटफॉर्म खो दिया। इस पर मैं इस समय टिप्पणी नहीं करूंगा। क्योंकि अभी हम कॉम्बैट की स्थिति में हैं और अगर हम किसी भी चीज पर टिप्पणी करते हैं तो यह केवल विरोधी के लिए फ़ायदेमंद होगा। हमारे सभी पायलट सुरक्षित घर लौट आए हैं।
एयर मार्शल एके भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 7 मई को पाकिस्तान के हमले में भारत को कोई नुकसान नहीं हुआ, क्योंकि भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सक्रिय और चौकस था।
एयर मार्शल भारती ने बताया कि वायुसेना की सतर्कता और तैयारियों की वजह से पाकिस्तान की किसी भी हरकत का तुरंत जवाब दिया गया और हर संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत ने यह कार्रवाई पूरी सावधानी और सटीकता के साथ केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए की, जिससे किसी भी आम नागरिक को कोई हानि नहीं पहुंची।
Updated on:
11 May 2025, 10:18 PM IST
Published on:
11 May 2025, 10:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.