
बंगाल में आज वोटों की गिनती होगी(AI Image-ChatGpt)
West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल में किसकी सरकार बनेगी आज यह स्पष्ट हो जाएगा। प्रदेश की 294 में से 293 सीटों पर मतगणना शुरू होगी। इससे पहले नेताओं की प्रतिक्रिया आना भी शुरू हो गई है। टीएमसी के नेता अपनी पार्टी की जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी नेता भी अपनी जीत बता रहे है। हालांकि बता दें कि मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इस बार प्रदेश में टीएमसी और बीजेपी के बीच मुकाबला माना जा रहा है।
मतगणना से पहले खड़गपुर से बीजेपी प्रत्याशी दिलीप घोष ने कहा कि नतीजा तो पक्का है, बस सही समय का इंतज़ार है। नए साल में नई सरकार बनने जा रही है। हमारी तरफ से सारी तैयारियां पूरी हैं।
वोटों की गिनती से पहले जादवपुर सीट से CPI(M) के उम्मीदवार विकास रंजन भट्टाचार्य ने कहा कि आज नतीजों का दिन है। मुझे उम्मीद है कि इस बार लेफ्ट ने अच्छा परफॉर्म किया होगा, बदलाव होना चाहिए। आम लोग सरकार से नाराज़ हैं। देखते हैं नतीजे क्या होते हैं।
21 मई को फाल्टा में दोबारा वोटिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि फाल्टा में करप्ट तरीके अपनाए गए। इससे पता चलता है कि इलेक्शन कमीशन के अधिकारी भी शामिल थे। अगर इलेक्शन कमीशन के अधिकारी भी शामिल हो गए, तो हम क्या कह सकते हैं।
वहीं बीजेपी नेता सुभाष सरकार ने कहा कि हमें 100 प्रतिशत भरोसा है कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के लिए चाहे कितनी भी मुश्किल स्थिति क्यों न हो, वह कभी भी 164 से नीचे नहीं जाएगी। और हम लगभग 170 से ज़्यादा की उम्मीद कर रहे हैं।
वोटों की गिनती से पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि हमने पहले दिन जो कहा था, वही हमारी उम्मीद अब भी है। असल में, यह हमारी उम्मीद नहीं है, यह लोगों की उम्मीद है। यह चुनाव लोगों ने TMC के खिलाफ लड़ा है। यह चुनाव ‘जनता बनाम ममता’ है। यह रिजेक्शन का चुनाव है। लोगों ने TMC को रिजेक्ट कर दिया है, और कुछ ही घंटों में BJP सरकार बनाने की स्थिति में होगी।
आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के फाउंडर हुमायूं कबीर ने कहा कि मुझे जीत का 100 परसेंट भरोसा है। इलेक्शन कमीशन ने बहरामपुर में पांच सीटों के लिए काउंटिंग का इंतज़ाम किया है, इंतज़ाम अच्छे हैं। सब कुछ ठीक होना चाहिए। 4-5 घंटे इंतज़ार करते हैं, तब तक सब कुछ साफ़ हो जाएगा।
Updated on:
04 May 2026 07:28 am
Published on:
04 May 2026 07:19 am
