दरअसल, मामला नोएडा के सेक्टर-43 का है। पुलिस के मुताबिक पूर्वांचल निवासी भोजपुरी फिल्मों में काम करने वाली एक युवती नोएडा में अपने रिश्तेदारी में आई हुई थी। शनिवार सुबह वह मार्निंग वॉक के लिए निकली थी। जैसे ही युवती सदरपुर कॉलोनी से सेक्टर-43 की ओर जा रही थी तभी उसे तीन युवकों ने घेर लिया और अश्लील हरकतें करने लगे। युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी उसे पकड़कर झाड़ियों में ले जाने लगे और इसी बीच उससे मारपीट करते हुए उसके कपड़े भी फाड़ दिए। बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपियों ने उसके शरीर पर दांत से भी काटा। युवती से खुलेआम इस वारदात को देख स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े तो आरोपी युवती को छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित भोजपुरी एक्ट्रेस ने वारदात के बाद कहा कि वह नोएडा को एक अच्छा शहर मानती थी, मगर सुबह उसके साथ इस तरह की घटना हुई है, जो उसके दिमाग से निकल नहीं रही है। यहां पर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।