
नोएडा. सेक्टर-50 स्थित गुजरात के राज्यपाल ओपी कोहली के घर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं इस घटना में शामिल एक महिला फरार बताई जा रही है। पकड़े गए चोरों के पास से करीब 50 लाख रुपए कीमत के सोने—चांदी व हीरे के जेवरात तथा एक रिटायर्ड जनरल के घर से चोरी हुई पाक निर्मित रिवाल्वर बरामद हुई है। गिरफ्तार चोरों ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सौ से ज्यादा चोरी की वारदातें करना कबूल किया है। यह लोग दिन में सेक्टरों में रेकी करके घरों में चोरी करते थे।
उल्लेखनीय है कि 31 मार्च को गुजरात के गवर्नर ओपी कोहली के सेक्टर—50 स्थित घर से अज्ञात चोरों ने सोने—चांदी के जेवरात व नकदी चोरी किए थे। राज्यपाल ओपी कोहली के घर में उनकी बेटी ही रहती है, जो घटना के समय अंबाला में थी। अधिकारियों ने बताया कि चोरों की तस्वीर सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई थी। मामले की जांच कर रही पुलिस ने देर रात को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान शरीफ फहीम-हक-अस्सलाम, गौतम सहगल और फरजाना को गिरफ्तार किया। इस गैंग की एक महिला सदस्य रोशन अभी फरार है। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 50 लाख रुपए कीमत के सोने—चांदी और हीरे के जेवरात व कीमती पत्थर बरामद किया है। साथ ही इनके पास से सेक्टर—49 में रहने वाले जनरल वीके भाटिया के घर से 19 मार्च वर्ष 2017 को चोरी हुए सामान जेवरात व पाकिस्तान निर्मित रिवाल्वर बरामद की गई है।
गैंग का सरगना मुरादाबाद का हिस्ट्रीशीटर
आरोपियों ने पूछताछ के दौरान राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 100 से ज्यादा चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। इस गैंग का सरगना शरीफ है, जो मुरादाबाद जनपद के एक थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। इसके ऊपर 24 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार महिला फरजाना शरीफ की बहन है तथा फरार महिला रोशन जहां शरीफ की पत्नी की बहन है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि शरीफ दिन में स्कूटी पर रोशन जहां को बैठाकर नोएडा के सेक्टरों में घूमकर बंद पड़े घरों की रेकी करता था। उसके बाद ताला तोड़कर घरों में चोरी करता था।
यह भी पढ़े- सलमान खान मामले में पाकिस्तानी विदेश मंत्री के बेतुके बयान पर भड़के देवबंदी, सुनाई खरी-खरी
चोरी के माल को बेचकर करोड़ों की संपत्ति बनाई
एसएसपी डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि इनके पास से घरों के ताला तोड़ने के औजार, चोरी में प्रयोग होने वाली स्कूटी, दो देसी तमंचे और कारतूस भी पुलिस ने बरामद किए हैं। गिरफ्तार बदमाशों में गौतम सहगल सुनार का काम करता है। शरीफ चोरी के माल को इसी सुनार के पास बेचता था। उन्होंने बताया कि इन लोगों ने चोरी के माल को बेचकर करोड़ों की संपत्ति बनाई है। खोड़ा कॉलोनी में इसके 5 मंजिला मकान हैं, जिसमें सुख सुविधा की सभी आधुनिक चीजें हैं। पुलिस चोरों द्वारा बनाई गई संपत्ति के जब्तीकरण की भी कार्रवाई करेगी।
जनरल बोले— ये मेरी वीरता की जीती जागती मिसाल
इधर, 80 वर्ष की उम्र में अपने कांपते हाथों से जब जनरल वीके भाटिया ने पुलिस द्वारा बरामद की गई अपनी पिस्टल हाथ में ली तो उनके मुंह से बरबस ही निकल गया... गॉड ब्लेस यू... जनरल भाटिया अपने घर हुई चोरी के खुलासे की सूचना पाकर थाना सेक्टर-49 पहुंचे थे। उन्होंने अपने घर से चोरी हुई पाकिस्तान निर्मित पिस्टल को हाथ में लेते हुए पुलिस वालों को धन्यवाद दिया। और कहा कि यह तो मेरी जिंदगी की एक ऐसी अनमोल चीज है, जिसे देखकर हमें हमेशा फक्र होता था कि हमने 1971 की लड़ाई में विजय हासिल की थी। इस रिवाल्वर की कोई कीमत नहीं है। यह हमारे सेना के शौर्य और मेरी वीरता की एक जीती जागती मिसाल है, जिसे मैं सहेजकर अपने पास रखता हूं।
Published on:
8 Apr 2018, 9:18 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.