बता दें कि नोएडा के सेक्टर-62 स्थित रजत विहार कॉलोनी में रहने वाली छात्रा दिल्ली के स्कूल में 10वीं में पढ़ती है। छात्रा सेक्टर-18 स्थित एक इंस्टीट्यूट में कोचिंग करती है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे वह इंस्टीट्यूट की कैब से सोसाइटी के गेट पर उतरी थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। इसके बाद छात्रा के पिता ने कैब चालक को फोन किया तो उसने बेटी को सोसाइटी के गेट पर छोड़ने की बात कही। यह सुनते ही छात्रा के पिता के होश उड़ गए। उन्होंने सोसाइटी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा तो पता चला कि छात्रा कैब से उतरती दिखाई दे रही है, लेकिन इसके बाद वह अपने घर नहीं पहुंची। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के शक पर सोसाइटी में तलाशी ली, लेकिन वह नहीं मिली। इसी बीच भाजपा नेता ने बेटी के दोस्तों, स्कूल प्रबंधन, कोचिंग इंस्टीट्यूट और अन्य लोगों से भी पता किया, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। कोतवाली सेक्टर-58 के प्रभारी निरीक्षक पंकज राय ने बताया कि इस मामले में सभी एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की शिकायत पर अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया है।