
नोएडा। जैसे-जैसे मतदान की घड़ी नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे सुपर स्टार प्रचारकों का दौरा भी तेज होता जा रहा है। प्रथम चरण में 11 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान होगा। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 दिन के अंदर फिर से वेस्ट यूपी में रैली करने जा रहे हैं। वह शुक्रवार यानी आज अमरोहा और सहारनपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शुक्रवार को गाजियाबाद में रोड शो करेंगी।
अमरोहा में कंवर सिंह के समर्थन में करेंगे सभा
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को अमरोहा के गजरौला में रैली करेंगे। यहां वह पार्टी उम्मीदवार और मौजूदा सांसद कंवर सिंह तंवर के समर्थन में जनसभा करेंगे। रैली दिल्ली हाईवे पर झनकपुरी के पास होगी। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी का हेलीकॉप्टर करीब 12 बजे चुनाव स्थल के पास ही उतरेगा। उसके बाद वह सहारनपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 बजे सांसद कंवर सिंह तंवर के फार्म हाउस पर हेलीकाॅप्टर से पहुंचेंगे।
सलेख विहार टीचर कॉलोनी के मैदान में होगी जनसभा
सहारनपुर में प्रधानमंत्री की सभा नानौता कस्बे के सलेख विहार टीचर कॉलोनी के मैदान में होगी। दोपहर 2 बजे रैली स्थल से करीब 100 मीटर दूर उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा। खास बात यह है कि जिस जगह पर हेलीपैड बनवाया गया है, वह कांग्रेस के नगर अध्यक्ष मजहर सिद्दीकी का है। इसके लिए उन्होंने 15 बीघा जमीन पर खड़ी गन्ने व गेहूं की फसल को कटवा दिया था। पीएम मोदी यहां करीब 40 मिनट तक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली से वह सहारनपुर व कैराना के साथ ही वेस्ट यूपी के अन्य जिलों को साधने की भी कोशिश करेंगे।
डॉली शर्मा के पक्ष में वोट मांगेंगी प्रियंका गांधी वाड्रा
प्रधानमंत्री के अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शुक्रवार को गाजियाबाद में रोड शो करेंगी। वह यहां कांग्रेस उम्मीदवार डॉली शर्मा के पक्ष में लोगों से वोट मांगेंगी। प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को करीब 3 बजे गाजियाबाद पहुंचेंगी। सबसे पहले प्रियंका गांधी गाजियाबाद के घंटाघर स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। उसके बाद वह रमतेराम रोड होते हुए मालीवाड़ा चौक तक रोड शो करेंगी। इस बीच में वह पार्टी के कार्यकर्ताओं से बात भी करेंगी।
आठ सीटों पर 11 को होगी वोटिंग
आपको बता दें कि वेस्ट यूपी की आठ सीटों सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, बिजनौर और गौतमबुद्ध नगर में 11 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि अमरोहा, नगीना और बुलंदशहर में दूसरे चरण में 18 अप्रैल को वोट पड़ेंगे।
Updated on:
5 Apr 2019, 9:44 AM IST
Published on:
5 Apr 2019, 9:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.