पीड़िता के मुताबिक, आठ साल पहले उसकी मां की मौत हो गई थी, जिसके बाद ट्रक चालक पिता ने दूसरी शादी कर ली। उस समय उसकी उम्र मात्र आठ साल थी। उसके अलावा घर में तीन छोटी बहनें और एक भाई भी था। लेकिन, सौतेली मां ने घर में आते ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिये। वह उसके साथ ही भाई-बहनों का उत्पीड़न करती। इतना ही नहीं उन्हें जंजीरों में बांधकर भी रखा। सौतेली मां की यातनाएं यहीं खत्म नहीं हुई। उसने ताई के साथ मिलकर राजस्थान के रहने वाले 50 बुजुर्ग से तीन लाख रुपये में उसका सौदा करते हुए शादी करा दी। पीड़िता के जाने के बाद दो बहनों को भी राजस्थान के उसी गांव में अलग-अलग लोगों को तीन-तीन लाख रुपये में बेच दिया गया। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद भी हम तीनों बहनों पर जुल्म किए गए। वहां हमारे पति हमारी बोली लगवाते थे।