
Good News : राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) में वृद्धजनों को अब लाइव फोटो खिंचवाने की जरूरत नहीं है। इसके आदेश कार्यालय परियोजना निदेशक राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना की ओर से जारी किए गए हैं। 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के रोगियों के लिए आरजीएचएस प्रणाली में ओपीडी परामर्श पर अनिवार्य लाइव फोटो पर छूट दी गई है।
राजस्थान पत्रिका की ओर से समाचार अभियान चलाकर बुजुर्गों की पीड़ा को बयां किया गया। इसके बाद यह आदेश जारी किया गया है। हालांकि इसमें जो छूट दी गई है, वह सभी बजुर्गों के लिए नहीं है। ऐसे में सेवानिवृत्त कर्मचारियों में रोष है।
बेड रेस्ट वाले मरीज को केवल तभी बिस्तर पर पड़ा माना जाएगा, जब वह किसी बड़ी बीमारी से ग्रसित हों, न कि किसी अस्थायी कारण जैसे किसी दुर्घटना के कारण। इसके लिए निजी आरजीएचएस सूचीबद्ध अस्पताल के संस्थान प्रमुख या अस्पतालों, सेटेलाइट अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के लिए यूनिट हेड/सीएमएचओ/पीएमसी की ओर से सत्यापित डॉक्टर से हस्ताक्षरित और मुहरबंद प्रमाण पत्र जरूरी होगा। इस प्रारूप में प्रमाण पत्र ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में जमा किया जा सकता है। ऐसे मरीज की ओर से अस्पताल आने वाले व्यक्ति के साथ संबंध बताने वाला एक पहचान पत्र जमा करना होगा।
आरजीएचएस के तहत अस्पताल में आने वाले मरीजों को आयु व गंभीर रोग के तहत छूट प्रदान की गई है। उनको लाइव फोटो खिंचवाने की जरूरत नहीं है।
शिप्रा विक्रम, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, आरजीएचएस, जयपुर
Updated on:
18 Jan 2025, 11:59 AM IST
Published on:
18 Jan 2025, 11:59 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.