
सेंट्रल एक्साइज अफसरों के उड़े होश, जब रेल यात्री के बैग की तलाशी में मिला पांच करोड़ सोना
रायगढ़. हावड़ा से मुंबई के बीच चलने वाली सुपरफास्ट ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में सेंट्रल एक्साइज व कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने 110 सोने का बिस्कुट लेकर सफर कर रहे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। जिसका मूल्य लगभग पांच करोड़ रुपये और वजन 10 किलो है। आरोपित सारा सोना कोलकाता से मुंबई ले जा रहे थे।
यह छापेमारी राजगांगपुर से झारसुगुड़ा के बीच की गई। इस अभियान में आरपीएफ की टीम ने भी उनका सहयोग किया। अब टीम इस अवैध कारोबार के सरगना की तलाश में है।
जानकारी के अनुसार सेंट्रल एक्साइज व कस्टम विभाग की टीम को जानकारी मिली की हावड़ा-मुंबई ज्ञानेश्वरी सुपर फास्ट एक्सप्रेस में करोड़ों का सोना लेकर दो लोग जा रहे हैं। सुचना के आधार पर टीम ने करीब 4.45 बजे ट्रेन में राजगांगपुर से झारसुगुड़ा स्टेशन के बीच तलाशी अभियान चलाया।
ट्रेन के बी-3 कोच के सीट नंबर- 43 से 32 वर्षीय डी यादव व सीट नंबर- 44 से 31 वर्षीय राहुल आर्यन से पूछताछ के दौरान टीम को उनपर शक हो गया। तलाशी लेने पर इनके पास से सोने के 110 बिस्कुट बरामद किए गए। जिनका वजन दस किलो के आसपास बताया जा रहा है।
बाजार बरामद किये गए सोने की कीमत लगभग पांच करोड़ बतायी जा रही है। दोनों आरोपियों को झारसुगुड़ा स्टेशन पर उतारकर उनसे पूछताछ की जा रही है।उन्होंने बताया कि सोना कोलकाता से मुंबई ले जा रहे थे। टीम इन दोनों के जरिये इस अवैध कारोबार के मुखिया तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Published on:
11 Oct 2019, 5:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.