जानकारी के अनुसार रायपुर जिले की सात सीटों में से तीन सीटों के प्रत्याशी ब्लॉक, मंडल और वार्ड के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से खासे परेशान हैं। इसमें रायपुर दक्षिण, उत्तर और आरंग के प्रमुख पार्टी के प्रत्याशी परेशान बताए जाते हैं। इन तीनों सीटों पर पार्टी के कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप प्रत्याशी पर लगाए जा रहे हैं। इसी से नाराज होकर पदाधिकारी और कार्यकर्ता तो चुनाव प्रचार में कभी-कभार जा रहे हैं, लेकिन अपने साथ क्षेत्र के लोगों की भीड़ नहीं ला रहे हैं। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में एक प्रमुख पार्टी के प्रत्याशी की चुनावी सभा रखी गई थी। इसमें रायपुर ग्रामीण के कार्यकर्ताओं की भीड़ चुनाव प्रबंधन का काम देखने वालों ने बुलाई थी। इसकी पार्टी के बड़े नेता से लेकर छोटे पदाधिकारियों में चर्चा है। इसी तरह रायपुर उत्तर में भी एक पार्टी के प्रत्याशी द्वारा स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की पूछपरख नहीं करने से नाराज चल रहे हैं। कुछ तो ऐसे हैं, जो प्रत्याशी के प्रचार-प्रसार से पूरी तरह से दूरी बनाए हुए हैं।