
प्रदेश स्तरीय अस्पतालों के 'कायाकल्प अभियान' की शुरुआत, अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची टीम
शाजापुर/ प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे कायाकल्प अभियान के तहत 3 सदस्यीय दल आज जिला अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर पहुंचा। यहां टीम के सदस्यों ने अस्पताल और ट्रामा सेंटर का बारीकी से निरीक्षण किया इसके साथ ही, दल के सदस्यों ने अस्पताल मेंं भर्ती मरीजों के साथ साथ कर्मचारियों से भी व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
देखें खबर से संबंधित वीडियो...
जिला अस्पताल की हर एक चीज को बारीकी से जांचा
कायाकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल और ट्रामा सेंटर का फाइनल निरीक्षण करने के लिए डॉ. बलराम उपाध्याय डीएच भोपाल, अनिता दुर्गा डीपीएम भोपाल और सीहोर डीएच अंजुलता भार्गव शाजापुर पहुंचे। दल के तीनों सदस्यों ने ट्रामा सेंटर और जिला अस्पताल का अलग-अलग टीम बनाकर निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ.बलराम उपाध्याय ने जिला अस्पताल की डायलिसिस व्यवस्था देखी। इसी के साथ उन्होंने महिला वार्डों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ.बलराम उपाध्याय ने वार्ड में भर्ती महिला मरीजों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं एवं डॉक्टर द्वारा किए गए ट्रीटमेंट की जानकारी भी ली।
टीम ने किया ऑपरेशन का लाइव निरीक्षण
वहीं, दूसरी ओर अनिता दुर्गा डीपीएम भोपाल और सीहोर डीएच अंजुलता भार्गव ने ट्रामा सेंटर के मेटरनिटी वार्ड, सोनोग्राफी सेंटर, x-ray सेंटर, ट्रामा सेंटर की वाटर सप्लाई करने वाली टंकी समेत सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं, टीम ने ब्लड बैंक का भी निरीक्षण किया, यहां पर उन्होंने ब्लड बैंक इंचार्ज ब्लड बैंक में कौन-कौन ग्रुप के ब्लड कितनी मात्रा में उपलब्ध है इसकी जानकारी ली। निरीक्षण के अंत में डॉ.बलराम उपाध्याय, अनिता दुर्गा डीपीएम भोपाल और सीहोर डीएच अंजुलता भार्गव ने जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन थिएटर में चल रहे एक ऑपरेशन का लाइव निरीक्षण भी किया।
संतुष्ट दिखाई दिए टीम के सदस्य
कायाकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल और ट्रामा सेंटर में निरीक्षण करने के लिए डॉ.बलराम उपाध्याय, अनिता दुर्गा डीपीएम भोपाल और सीहोर डीएच अंजुलता भार्गव जिला अस्पताल और ट्रामा सेंटर की व्यवस्था उसे संतुष्ट दिखाई दिए। इसे लेकर उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि, जिला अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में सफाई की अच्छी व्यवस्था है। साथ ही, मरीजों को दिए जाने वाले उपचार में भी कहीं कोई कमी नहीं दिखाई दी। ऑपरेशन थिएटर और ब्लड बैंक भी बेहतर स्थिति में है। जल्द ही इसकी रिपोर्ट दल द्वारा भेजी जाएगी।
Published on:
4 Feb 2021, 5:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.