
मृगांका सिंह ने लोकसभा टिकट कटने पर गुस्साए समर्थकों से की ये भावुक अपील, देखें वीडियो-
शामली. भाजपा के दिग्गज नेता बाबू हुकुम सिंह का राजनीति में लंबा इतिहास रहा है। 1 साल पूर्व बाबू हुकुम सिंह के निधन के बाद उनकी राजनीतिक विरासत पाने की जद्दोजहद मे जुटी मृगांका सिंह व समर्थकों को उस समय बड़ा झटका लगा जब कैराना लोकसभा चुनाव में भाजपा ने ऐन वक्त पर स्वर्गीय बाबू हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह का टिकट काटकर गंगोह विधायक प्रदीप चौधरी को दे दिया। वहीं कैराना से मृगांका सिंह का टिकट कटने के बाद स्वर्गीय बाबू हुकुम सिंह के चाहने वालों का मायापुर फार्म हाउस पर पहुंचना प्रारंभ हो गया था। शाम होते होते भारी संख्या में लोग स्वर्गीय बाबू हुकुम सिंह के कैराना स्थित मायापुर फार्म हाउस पर जमा हो गए थे।
इस दौरान मृगांका सिंह ने समर्थकों को कहा कि मैं आपकी भावनाओं को समझती हूं। बाबूजी 45 वर्षों तक निडरता से जिस पद पर भी रहे लोगों की सेवा करने में पीछे नहीं हटे। मृगांका सिंह ने कहा कि आज जो फैसला हाईकमान ने लिया है। आप और मैं आहत व दुखी हैं। पार्टी की कुछ विषमताओं रही होंगी।
कार्यकर्ताओं को मृगांका सिंह ने धैर्य बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि वह आपके कष्ट व भावनाओं को पार्टी हाईकमान को अवगत कराएंगी। आपकी भावनाओं का ध्यान रखा जाएगा । आगे मृगांका सिंह ने कहा कि समय चक्र है, हार जीत सब देखी है। आप मेरे साथ चट्टान की तरह खड़े हैं यह मेरे जीवन की उपलब्धि है। यह मेरे जीवन का फल है। मृगांका सिंह ने कहा कि उत्तेजित होकर कोई निर्णय न लें। आप साथ खड़े हो यही मेरी शक्ति है।
Updated on:
24 Mar 2019 09:07 am
Published on:
24 Mar 2019 09:07 am
