
बीच बचाव करना पड़ा जान पर भारी, झगड़ने वालों ने डंडों से पीट पीटकर तोड़ दिये पैर
संजीव जाट की रिपोर्ट
शिवपुरी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बदरवास विकास खंड के अंतर्गत आने वाले इंदार थाना इलाके के इंदार गांव में दो युवकों के बीच हुए झगड़े का बीच - बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। झगड़े के बाद एक पक्ष ने बीच - बचाव करने वाले युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही, उसका पैर भी लाठी और डंडों से तोड़ दिया। वहीं, घटना के बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला अस्पताल में उपचार करा रहे राकेश लोधी ने बताया कि, बीते 5 नवंबर को संजीव लोधी और सोनपाल लोधी के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों के बीच मारपीट को रोकने का उसने प्रयास किया था, जिसके बाद सोनपाल लोधी और संजीव लोधी अलग - अलग दिशा में निकल गए थे और वो जाकर गांव की एक आटा चक्की के चबूतरे पर बैठकर अपने मोबाइल में व्यस्त था।
नेकी करना पड़ी भारी
इसी दौरान सोनपाल लोधी अपने पिता नवल सिंह लोधी और छोटे भाई के साथ आया और उस पर एकाएक लाठियों से हमला बोल दिया। उसके सिर में लाठियां भांजी गई। साथ ही, उसके पैर को फैक्चर भी कर दिया गया। दिनेश ने बताया कि, उसने तो सिर्फ विवाद को सुलझाने का प्रयास किया था। लेकिन, उसी के साथ मारपीट कर दी। दिनेश लोधी ने इसकी शिकायत इंदार थाने में दर्ज कराई है। दिनेश को उपचार के लिए शिवपुरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं, मामले को लेकर इंदार थाना प्रभारी केएन शर्मा का कहना है कि, घायल दिनेश लोधी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की विवेचना के साथ साथ आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
Published on:
7 Nov 2022, 8:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.