Hindi News / Rajasthan / Udaipur / Gold-Silver Price : सोने-चांदी की बढ़ी कीमतों में आई गिरावट, जानें क्या है वजह
Gold-Silver Price : सोने-चांदी की बढ़ी कीमतों में आई गिरावट, जानें क्या है वजह
Gold-Silver Price : एक सप्ताह पहले सोने-चांदी के भाव रेकॉर्ड ऊंचाई पर थे। अचानक ऐसा क्या हुआ कि सोने-चांदी की बढ़ी कीमतों में गिरावट आई। जानें अब क्या है सोने-चांदी की कीमतें। पढ़ें एक रिपोर्ट।
Gold-Silver Price : पिछले महीनों में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रप के बोल ने सोने-चांदी के भाव बढ़ाए थे। अब उन्हीं के दखल से रूस-यूक्रेन युद्ध विराम की सुगबुगाहट ने फिर असर डाला है। ऐसे में सोने-चांदी की बढ़ी कीमतों में फिर गिरावट होने लगी है। एक सप्ताह पहले भाव रेकॉर्ड ऊंचाई पर थे। पिछले दो-तीन दिन में ही सोना के भाव 1850 रुपए और Silver के 2800 रुपए सस्ते हुए हैं। वैश्विक संकट और अमरीकी रुख के चलते विश्व की अर्थव्यवस्था में भारी हलचल रही। ऐसे में सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उछाल रहा। सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी का क्रम नए साल की शुरुआत के साथ ही हुआ, जो पिछले दिनों तक जारी रहा।
भाव बढ़ने और कम होने की वजह
1- पिछले 5 साल से जब भी वैश्विक स्तर पर असामान्य स्थिति बनी तो अर्थव्यवस्था में भी उतार-चढ़ाव आता है। ऐसे में सोने-चांदी की कीमतों पर असर आना स्वाभाविक है। 2- देश में पांच साल पहले नोटबंदी हुई, तब अचानक बंद हुए नोट के कारण मानसिकता यह हो गई कि नकदी कभी भी जीरो हो सकती है, जबकि सोना-चांदी कभी जीरो नहीं होगा। 3- शेयर बाजार में पिछले कुछ साल में अस्थिरता की स्थिति है। लोगों का भारी निवेश भी मुनाफा नहीं दे पाया। कई लोगों को घाटा हुआ। ऐसे में रुझान सोने-चांदी की तरफ बढ़ा है।
हर दिन बढ़ रहे सोने की दरों ने रेकॉर्ड पर रेकॉर्ड कायम किया। पहली बार 25 फरवरी को सोने के भाव 89 हजार 250 रुपए तोला पहुंच गए थे। इसी तरह चांदी के भाव भी पहली बार 20 फरवरी को 98 हजार 250 रुपए प्रति किलो हो गए थे। पूरे फरवरी में भारी तेजी रही। सोने-चांदी दोनों में करीब चार-चार हजार रुपए की तेजी देखी गई।
पिछले दस दिनों की स्थिति देखें तो सोने-चांदी के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव रहा। Gold के भाव 4 बार बढ़े तो 4 बार कम भी हुए, जबकि चांदी के भाव 4 बार बढ़े तो 5 बार कम हुए। लिहाजा भाव में गिरावट का प्रभाव ज्यादा देखने को मिला है। यही स्थिति आगामी दिनों में रहने की संभावना है।
सर्राफा बाजार में तेजी वैश्विक स्तर पर बने कारणों से रही, जिनमें अब सुधार हो रहा है। निवेश के लिहाज से अब भी समय उचित नहीं है। निवेश के लिए अभी दरों में और सुधार का इंतजार करना ही उचित होगा। यशवंत आंचलिया, अध्यक्ष, श्री सर्राफा एसोसिएशन
युद्ध विराम के संकेत मिले तो भाव टूटे
युद्ध विराम के संकेत मिले तो भाव टूटे हैं। भाव अब और नीचे उतरने की संभावना है। कुछ ओर भाव घटता है तो निवेश का अवसर आएगा। फिलहाल अभी निवेश का समय नहीं है। सप्ताहभर में स्थिति स्पष्ट होगी। इंदरसिंह मेहता, संरक्षक, राजस्थान सर्राफा संघ