
गोदाम से निकलता धुंआ, (Pc-Vijendra Mishra)
Fire In Godown In Varanasi:वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में स्थित एक गोदाम में सोमवार की सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि गोदाम की दीवारों में दरारें आ गई। बताया जा रहा है कि यह गोदाम रिहायशी इलाके में बनाया गया था और आग लगने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आसपास के मकान में रह रहे लोगों को बाहर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया है। गोदाम में पंखे और पंखे बनाने जाने वाले सामान भी रखे गए थे। सुबह 4 बजे के आसपास सिक्योरिटी गार्ड ने इस मामले की जानकारी मैनेजर को दी, जिसके बाद मैनेजर की सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मडौली तिराहे के समीप रिहायशी इलाके में रवी फैन नामक एक गोदाम संचालित किया जाता है। सोमवार की सुबह 4 बजे गोदाम की सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने मैनेजर अनादि शंकर गुप्ता को फोन करके गोदाम में आग लगने की जानकारी दी। वहीं, मैनेजर को जानकारी होने के बाद गोदाम के मालिक रवि को भी इस बारे में सूचित किया गया। वहीं, सिक्योरिटी गार्ड ने इस मामले की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मियों को भी दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का काम शुरू कर दिया। इसी बीच गोदाम की दीवार में दरार भी पड़ गई, जिसके बाद घटना की संवेदनशीलता को समझते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने आसपास रह रहे लोगों को उनके मकानों को निकाल कर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया है। मैनेजर ने बताया है कि गोदाम के अंदर नवनिर्मित पंख रखे हुए थे। इसके साथ ही पंखों के निर्माण की सामग्री भी रखी हुई थी। उन्होंने बताया कि अंदर केमिकल और थिनर से भरे हुए ड्रम भी रखे गए हैं। मैनेजर ने बताया है कि आज से करोड़ों रुपए का माल जलकर राख हो चुका है।
मैनेजर के मुताबिक, गोदाम में रखे गए सामानों की पूरी जानकारी फायर ब्रिगेड की कर्मियों को दिए जाने के बाद इलाके को खाली कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि सुबह 4 बजे से ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग को बुझाने में लगी हुई हैं। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं, फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद ही मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भेजा गया था। आग पर अभी भी पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। आग बुझाने के बाद ही इसके कारणों का पता चल सकेगा।
Updated on:
28 Sept 2026 10:10 am
Published on:
28 Sept 2026 10:10 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
