
Top LeT commander Altaf Lalli killed by Indian Army
पहलगाम आतंकी हमले (Pahalgam Terrorist Attack) से जहाँ पूरे भारत (India) में आक्रोश है, वहीं पाकिस्तान (Pakistan) से तनाव भी बढ़ गया है। जम्मू और कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में 22 अप्रैल को द रेसिस्टेन्स फ्रंट (The Resistance Front – TRF) के इस्लामिक आतंकियों ने धर्म पूछकर पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। आतंकियों का मकसद हिंदू पर्यटकों को मारना था। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए। भारत ने पाकिस्तान पर इसका आरोप लगाया है, तो पाकिस्तानी सरकार ने इससे पल्ला झाड़ लिया है। हालांकि इस मामले में भारत ने एक्शन शुरू कर दिया है और पाकिस्तान को झटके देने का सिलसिला भी। भारत सरकार ने सिंधु जल समझौते पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है, पाकिस्तानियों को वीज़ा देने पर रोक लगा दी है, मौजूद वीज़ा रद्द कर दिए हैं, पाकिस्तानियों को देश छोड़ने का आदेश दे दिया है, दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग में रक्षा/सैन्य, नौसेना और वायु सलाहकारों को अवांछित व्यक्ति घोषित करते हुए देश छोड़ने का आदेश दे दिया है और साथ ही उच्चायोग की सुरक्षा भी हटा ली है। अब भारत ने पाकिस्तान को एक और झटका दिया है।
भारतीय सेना ने आज लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) के एक टॉप कमांडर का एनकाउंटर कर दिया है। जम्मू और कश्मीर के बांदीपोरा में कुलनार इलाके में आज शुक्रवार, 25 अप्रैल की सुबह सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। सूत्रों के अनुसार सेना को इस इलाके में आतंकियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली और ऐसे में सेना ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। सेना के आने की भनक लगते ही आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सेना ने भी गोलीबारी की। सेना की इस जवाबी कार्रवाई में लश्कर का टॉप कमांडर अल्ताफ लाली (Altaf Lalli) मारा गया। गौरतलब है कि टीआरएफ, लश्कर से ही जुड़ा एक आतंकी संगठन है।
बांदीपोरा में आज भारतीय सेना और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो सैनिक भी घायल हो गए हैं। दोनों को नज़दीकी चिकित्सा शिविर में भर्ती कराया गया है, जहाँ दोनों का इलाज चल रहा है। वहीं सेना का कुलनार इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
जम्मू और कश्मीर के बांदीपोरा में अक्सर ही भारतीय सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ होती रहती हैं। बांदीपोरा संवेदनशील इलाकों में से है, जहाँ कई आतंकी सक्रिय हैं। ऐसे में सेना भी समय-समय पर सैन्य अभियान चलाकर इन आतंकियों का खात्मा करती है।
यह भी पढ़ें- पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को चौतरफा झटका, इन वेबसाइट्स-ऐप्स ने किया PSL को बैन
Updated on:
25 Apr 2025, 2:01 PM IST
Published on:
25 Apr 2025, 1:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.