
Hotel convention: टूरिज्म और ब्रांड प्रमोशन पर होगी पुष्कर में चर्चा
अजमेर/पुष्कर.
देश में हेरिटेज और पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए शनिवार और रविवार को पुष्कर के होटल आराम बाग पैलेस में इंडियन हेरिटेज होटल्स एसोसिएशन (indian heritage hotels association) के आठवें कन्वेंशन का आयोजन होगा। इसमें तीन राज्यों के पर्यटन मंत्री, पूर्व राजघरानों के सदस्य और अन्य शामिल होंगे। इसका थीम रीकास्ट इंडियन हेरिटेज लर्निंग फ्रॉम विदिन (Recaste indian heritage learning from within) रखा गया है।
कन्वेंशन में राजस्थान के पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह (vishvendra singh), पंजाब के पर्यटन मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (charanjeet singh), महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री जयकुमार जितेंद्र रावल (jai kumar jitendra) शामिल होंगे।
कन्वेंशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह पचार ने बताया कि भारत को हेरिटेज डेस्टिनेशन (heritage destination) के रूप में मजबूती देने के लिए यह कन्वेंशन कराया जा रहा है। इसमें रेलेवेंस ऑफ सोशल मीडिया फॉर हेरिटेज होटल्स और रोल ऑफ मिलेनियल्स इन द फ्यूचर ऑफ होटल्स जैसे विषयों को शामिल किया गया है। इसमें पर्यटन (tourism) और होटल उद्योग (hotel industry) से जुड़े लोग शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस कन्वेंशन में लगभग 130 होटल व्यवसायी शामिल होंगे।
यह होगी चर्चा
इस दौरान हेरिटेज प्रॉपर्टी, वास्तुकला की विशेषताएं, ऐतिहासिक धरोहर पर चर्चा होगी। हेरिटेज धरोहर को नई पीढ़ी (new generation) से जोडऩे, नवाचार (innovation) और पर्यटन उत्पाद (tourism product) को ब्रांड बनाने के क्षेत्र में भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इससे दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।
वाटर कंजर्वेशन भी अहम
महासचिव रणधीर विक्रम सिंह ने बताया कि कन्वेंशन मुख्य रूप से जल संरक्षण (water conservation)पर केंद्रित होगा। विशेषज्ञों द्वारा जल संरक्षण पर चर्चा होगी। होटल व्यवसायी को जल संरक्षण, जल के पुन: उपयोग (water recycle), बरसात के पानी के संरक्षण (rain water conservation) और स्वच्छता (cleaning) पर जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा विपणन और प्रचार-प्रसार को भी प्रमुखता दी जाएगी। इसमें देश भर से इवेंट मैनेजर और डोमेस्टिक ट्रेवल एजेंट को बुलाया गया है।
Published on:
7 Sep 2019, 8:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.