Monsoon 2024: मानसून की आमद के साथ ही दुर्ग जिला सहित संभाग में सोमवार को दिन में धूप खिली, लेकिन दोपहर से शाम तक मौसम बदल गया। बादल छाए रहे। इससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। तापमान 38.2 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून को लगातार आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है। अगले चार-पांच दिनों में प्रदेश के और भी हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना है। इसके असर से मंगलवार को दुर्ग संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट आएगी।