भोपाल/ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की नगर निगम ने डेंगू और मलेरिया को खत्म करने के लिए नया प्रयोग करने का फैसला लिया है। नगर निगम की नई पहल के तहत अब शहर के सभी तालाबों, नालों और जल भराव वाले इलाकों जैसे खाली पड़े प्लॉट और गड्ढों पर ड्रोन की मदद से एंटी डेंगू और एंटी मलेरिया स्प्रे किया जाएगा। नगर निगम की इस अनोखी पहल को डेंगू और मलेरिया के खिलाफ प्रभावी कदम माना जा रहा है। नगर निगम के ड्रोन एक्सपर्ट के मुताबिक, ड्रोन की मदद से हम उस स्थान पर भी आसानी से एंटी डेंगू और एंटी मलेरिया स्प्रे का छिड़काव कर सकेंगे, जहां तक अभी पहुंच नामुमकिन थी। साथ ही इसकी मदद से शहर के हर उस इलाके पर निगरानी रखी जाना आसान हो जाएगी, जिसके बारे में निगम को पता नहीं होता था।