बिजनौर. थाना कोतवाली शहर के बक्शीवाला क्षेत्र में गुरुवार को एक बच्ची के 'खतना' कार्यक्रम के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि शहर में हाहाकार मच गया। दरअसल, एक बच्ची के 'खतना' कार्यक्रम के दौरान बिजनौर के बुखारा बक्शीवाला रोड स्थित अक्शा स्वीट्स से रसगुल्ले खरीदे गए थे। इन रसगुल्लों को कार्यक्रम खत्म होने के बाद वहां गए बच्चों को खाने के लिए पैकेट में दिया गया। बच्चों ने घर पहुंचकर इन रसगुल्लों को खाया तो उनकी तबीयत खराब होने लगी और देखते ही देखते करीब 30 बच्चों को उल्टी दस्त शुरू हो गए। बच्चों की तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें लेकर अस्पताल की तरफ भागे। बताया जा रहा है कि कुछ बच्चों का इलाज जिला अस्पताल बिजनौर और कुछ का उपचार शहर के निजी अस्पतालों में चल रहा है।