जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के थाना सिहानी गेट इलाके की नंदग्राम कॉलोनी में मरियम नगर अस्पताल के ठीक सामने वार्ड नंबर 13 में करीब 15 बीघा जमीन खाली पड़ी हुई थी। जहां पर नगर निगम का सरकारी ट्यूबवेल भी लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि यहां वार्ड-13 के पार्षद रोहित त्यागी पर स्थानीय लोगों ने अवैध निर्माण करने की शिकायत नगर निगम अधिकारियों से की थी। इसका संज्ञान लेते हुए निगम ने सोमवार को जोनल अधिकारी सुधीर कुमार के निर्देशान में करोड़ों की जमीन को कब्जा मुक्त कराया है। वहीं पार्षद रोहित त्यागी के पिता (पूर्व पार्षद) ओम त्यागी का कहना है कि यहां पर पहले से ही भाजपा के कुछ दबंग नेता और उनके कार्यकर्ता द्वारा बड़ी मात्रा में जमीन को घेरा जा चुका है। इसके लिए उन्होंने उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। न्यायालय ने ओम त्यागी द्वारा दी गई याचिका का संज्ञान लेते हुए इस इलाके में कब्जा गई सभी जमीन के निर्माण को ध्वस्त करने के निर्देश दिए थे, लेकिन भाजपा की सरकार होने के नाते अधिकारी भी दोहरा रवैया अपना रहे हैं।