
Swamitva Yojana : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से स्वामित्व योजना के तहत 65 लाख संपत्ति कार्ड वितरित किए एवं लाभार्थियों से संवाद किया। प्रदेश में लगभग 1 लाख 50 हजार लाभार्थियों को स्वामित्व कार्ड एवं पट्टे वितरित किए गए। साथ ही श्रीगंगानगर जिले की लाभार्थी रचना से पीएम मोदी ने संवाद भी किया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस कार्यक्रम में राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान दुर्गापुरा से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम में सीएम भजनलाल ने प्रतीकात्मक रूप से पांच लाभार्थियों को स्वामित्व कार्ड एवं पट्टा वितरण भी किया।
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं में गांव और गरीब को केन्द्र में रखकर आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है, क्योंकि गांवों के मजबूत व आत्मनिर्भर होने से ही देश आत्मनिर्भर एवं विकसित होगा।
सीएम भजनलाल ने कहा कि स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में संपत्ति के मालिकों को ‘अधिकारों का रिकॉर्ड’ प्रदान किया जा रहा है, जिससे ग्राम सुशासन और सशक्तीकरण को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीणों को उनके अधिकार प्रदान करने की दिशा में यह दूरदर्शी कदम है, जिससे गांवों का समग्र विकास एवं ग्रामीण परिवारों का सशक्तीकरण सुनिश्चित हो रहा है।
सीएम भजनलाल ने कहा कि स्वामित्व योजना पूरी तरह से वैज्ञानिक और पारदर्शी प्रक्रिया है, जो ग्रामीणों के लिए उनके संपत्ति के अधिकारों को सुनिश्चित करती है। इस योजना में ड्रोन तकनीक से गांव के आबादी क्षेत्र का सर्वेक्षण किया जाता है और डिजिटल मैप के आधार पर भू-स्वामित्व धारकों को स्वामित्व कार्ड और पट्टा दिया जाता है।
सीएम भजनलाल ने कहा कि इन संपत्ति कार्डों ने ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार प्रदान कर उनके लिए ऋण लेना आसान बना दिया है, जिससे ग्रामीण नागरिक सशक्त हो रहे हैं। इस तरह यह योजना बेहतर सुशासन, वित्तीय समावेशन, महिला सशक्तीकरण और विवादों के समाधान में मददगार साबित हो रही है।
सीएम भजनलाल ने कहा कि प्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत 35 हजार 955 ग्रामों का ड्रोन सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है। आज 1 लाख 50 हजार से अधिक कार्ड का वितरण किया जा रहा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर गांव और ग्रामवासी तक इस योजना का लाभ पहुंचे और कोई भी वंचित नहीं रहे। इसी दिशा में राज्य सरकार द्वारा प्रशिक्षण और अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश में घुमंतू परिवारों को आवासीय पट्टे प्रदान किए जा रहे हैं, ताकि इन परिवारों को अपना घर मिल सके।
Updated on:
18 Jan 2025, 6:50 PM IST
Published on:
18 Jan 2025, 6:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.