
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित हाथीगांव रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार को एक आम के बगीचे में अधेड़ का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बगीचे में गए ग्रामीणों की नजर जब पेड़ से लटके शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। बाद में मृतक की पहचान हाथीगांव निवासी राजकुमार उर्फ माना कुशवाहा (50) के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि राजकुमार 14 मार्च की सुबह घर से बाइक लेकर काम पर जाने की बात कहकर निकले थे। उस समय उन्होंने पत्नी से बच्चों की देखभाल करने को कहा था और यह भी कहा था कि वह शायद वापस न लौटें। हालांकि उस समय परिवार के लोगों ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया।जब दो दिन तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान परिजनों को राजकुमार की बाइक अस्थाना फार्म हाउस के पास आम के बगीचे के बाहर खड़ी मिली। इसके बाद जब लोग बगीचे के अंदर पहुंचे तो एक आम के पेड़ से नायलॉन की रस्सी के सहारे उनका शव लटका हुआ दिखाई दिया।घटना स्थल के पास ही शराब की बोतल और नमकीन का पैकेट भी पड़ा मिला, जिससे घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं होने लगीं।
महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
16 Mar 2026 03:57 pm
Published on:
16 Mar 2026 03:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
