
Diya decoration for Navratri (representative image) image credit chatgpt
Budget Friendly Navratri Home Decoration: शारदीय नवरात्रि 2026 आने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में लोग घर की सफाई के साथ ही सजावट की तैयारियों में भी जुट गए हैं। ऐसे में अगर आप भी इस साल घर या मंदिर को बिना ज्यादा पैसे खर्च किए सुंदर और ट्रेडिशनल लुक देना चाहते हैं, तो यहां दिए गए आसान टिप्स अपना सकते हैं। आइए जानते हैं घर के मंदिर को सजाने के कुछ आसान और बजट फ्रेंडली आइडियाज।
मंदिर को सुंदर और ट्रेडिशनल लुक देने के लिए आप चुनरी, चुनरी वाला दुपट्टा या साड़ी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे मंदिर को मंडप जैसा लुक दिया जा सकता है। इसके लिए चुनरी या दुपट्टे को प्लेट बनाकर मां दुर्गा की मूर्ति या तस्वीर के पीछे किसी मजबूत जगह पर टांग दें और दोनों तरफ से फैलाकर सजा दें। इसके बाद सजावट को और खूबसूरत बनाने के लिए किनारों पर गेंदे के फूलों की माला लगाएं। अगर गेंदे के फूल आसानी से नहीं मिल रहे हैं या महंगे मिल रहे हैं, तो आप प्लास्टिक के फूलों वाली माला भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
मंदिर के सामने रंगोली बनाने से सजावट अच्छी लगती है, लेकिन अगर आपको रंगोली बनाना नहीं आता, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। बाजार में अलग अलग डिजाइन और रंगों वाली रंगोली मैट या स्टिकर मिलते हैं। आप अपनी पसंद के हिसाब से फूलों, दीयों या ट्रेडिशनल डिजाइन वाली मैट चुन सकते हैं। इनकी कीमत साइज और डिजाइन के हिसाब से अलग अलग होती है। साधारण मैट लगभग 100 से 200 रुपये के बजट में मिल सकती हैं। इन्हें इस्तेमाल करना आसान है और त्योहार के बाद साफ करके दोबारा भी रखा जा सकता है।
अगर आपके घर में दिवाली की फेयरी लाइट्स रखी हैं, तो उन्हें नवरात्रि में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। मंदिर के पीछे या आसपास फेयरी लाइट्स लगाएं। लाल चुनरी और गेंदे के फूलों के साथ ये लाइट्स अच्छी लगती हैं। ध्यान रखें कि बिजली की लाइट्स को कपड़े और फूलों से दूर रखें और खराब तारों वाली लाइट्स इस्तेमाल न करें।
नवरात्रि में मिट्टी के दीयों का इस्तेमाल पूजा के साथ मंदिर की सजावट के लिए भी कर सकते हैं। घर में पुराने दीये रखे हैं, तो उन्हें साफ करके दोबारा इस्तेमाल करें। मंदिर के सामने एक छोटी थाली में दीये रखें और उसके आसपास फूलों की पंखुड़ियां सजा सकते हैं। अगर पूजा की थाली पीतल या स्टील की है, तो उसे अच्छी तरह साफ करके इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि जलते हुए दीये को पर्दे, चुनरी और प्लास्टिक के फूलों से दूर रखें।
अगर आपके घर में बड़ा मंदिर नहीं है, तो एक छोटी चौकी से भी सुंदर पूजा की जगह तैयार कर सकते हैं। चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं और उसके ऊपर मां दुर्गा की तस्वीर या मूर्ति रखें। आसपास पूजा की थाली, फूलों की माला और दीया व्यवस्थित तरीके से रखें।
मंदिर के दरवाजे या पूजा की जगह के ऊपर तोरण लगाने से सजावट और भी अच्छी लगती है। इसके लिए आम के पत्तों को धागे में पिरोकर तोरण बना सकते हैं और उसे दरवाजे के ऊपर लगा सकते हैं। अगर घर में पहले से कोई सजावटी तोरण रखा है, तो उसे साफ करके दोबारा इस्तेमाल करें।
Updated on:
10 Oct 2026 12:19 pm
Published on:
10 Oct 2026 12:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
