
रेल मंत्री के आदेश पर नौकरी से हुआ बर्खास्त
अमृतसर से कोलकाता जा रही अकालतख्त एक्सप्रेस में एक महिला से बदसलूकी का मामला सामने आया है। ट्रेन में नशे में धुत एक टीटीई ने रविवार रात एक महिला के सिर पर पेशाब कर दिया। महिला के शोर मचाने पर उसके पति ने टीटीई को पकड़ लिया। वह नशे में धुत था।
ट्रेन के लखनऊ पहुंचने पर यात्री की शिकायत पर टीटीई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं रेल मंत्री के आदेश के बाद टीटीई को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।
अकाल तख्त एक्सप्रेस के ए वन कोच में हुई घटना
जीआरपी चारबाग के इंस्पेक्टर नवरत्न गौतम के मुताबिक, अमृतसर निवासी राजेश अपनी पत्नी के साथ अकाल तख्त एक्सप्रेस के ए वन कोच में यात्रा कर रहे थे। रात को करीब 12 बजे जब उनकी पत्नी अपनी सीट पर आराम कर रही थीं तब नशे में धुत टीटीई मुन्ना कुमार ने महिला के सिर पर पेशाब कर दी।
चीखने पर दौड़े यात्री
महिला के चीखने पर यात्रियों ने टीटीई को दबोच लिया और उसकी पिटाई कर दी। यात्रियों का कहना था कि टीटीई नशे में धुत था। जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि यात्री राजेश की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और टीटीई को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने तुरंत लिया मामले का संज्ञान
मामले में जीआरपी के पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा का कहना है कि आरपीएफ कंट्रोल रूम और ट्विटर के माध्यम से हमें इस घटना की जानकारी मिली है। चारबाग रेलवे स्टेशन पर जीआरपी इंस्पेक्टर नवरत्न गौतम ने टीटीई मुन्ना कुमार को ट्रेन से नीचे उतारा और यात्री की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। टीटीई मुन्ना कुमार सहारनपुर में तैनात हैं। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रेल मंत्री के आदेश पर नौकरी से हुआ बर्खास्त
इस मामले पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्शन लेते हुए टीटीई को तुरंत प्रभाव से नौकरी से निकालने के आदेश दिए हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आरोपी टीटीई को तुरंत प्रभाव से नौकरी से निकाले जाने का आदेश देते हुए कहा है कि इस तरह की घटना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिलाओं के प्रति बहुत अपमानजनक है घटना
उत्तर रेलवे की ओर से नोटिस जारी कर कहा गया है कि रविवार देर रात ट्रेन में सफर कर रही महिला के सिर पर टीटीई मुन्ना कुमार ने पेशाब कर दिया था। उनका व्यवहार महिलाओं के प्रति अपमानजनक रहा है, जिससे न सिर्फ उनकी बल्कि पूरे रेलवे की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए उन्हें तुरंत प्रभाव से नौकरी से हटाया गया है।
Published on:
15 Mar 2023, 1:14 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.