
breaking: Maha Corona: मुंबई में 11 लोगों की मौत, राज्य में 350 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 2,684
मुंबई. कोरोना की रोकथाम से जुड़े तमाम उपायों के बावजूद महाराष्ट्र में महामारी का प्रसार थम नहीं रहा। राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 2 हजार 684 तक पहुंच गई है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 1756 लोग संक्रमित हैं। राज्य में मंगलवार को कोरोना के 350 नए मामले पाए गए, जिनमें 53 मुंबई के हैं। 24 घंटे के दौरान राज्य में 18 लोगों की मौत हुई। मुंबई में 11 और पुणे में चार मरीजों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। राज्य में कोरोना से 178 लोगों की मौत हुई है। मुंबई में 112 लोगों की जान गई है। उपचार के बाद स्वस्थ हुए 259 लोग अब तक घर भेजे गए हैं। मायानगरी मुंबई को शामिल करते हुए ठाणे मंडल में अब तक 2075 लोग संक्रमित पाए गए, जिनमें से 127 दम तोड़ चुके हैं। ठाणे ग्रामीण सहित मनपा क्षेत्र में 106 मरीज हैं।
14 तबलीगी मुंबई से...
नवी मुंबई में 63, कल्याण-डोंबिवली में 50, उल्हासनगर में 1, भिवंडी में 1, मीरा भायंदर में 49, पालघर में 5, वसई-विरार में 29, रायगड में 5 और पनवेल मनपा क्षेत्र में 10 कोरोना मरीज हैं। मालेगांव के 42 संक्रमितों सहित नासिक जिले में 46 मरीज हैं। अहमदनगर मनपा सहित जिले में 27 लोग संक्रमित हैं। ग्रामीण क्षेत्र और पिंपरी चिंचवड तथा पुणे मनपा को मिला कर पुणे जिले में 351 लोग संक्रमित हैं, जिनमें से 35 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तबलीग-ए-जमात मरकज के कार्यक्रम में राज्य से जो 755 लोग शामिल हुए, उनमें से 50 कोरोना संक्रमित हैं। इनमें 14 तबलीगी मुंबई से हैं।
धारावी में 55 संक्रमित, 8 की मौत...
एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 55 तक पहुंच गई है। मंगलवार को सात लोग संक्रमित पाए गए। घनी आबादी वाले धारावी में अब तक आठ लोगों की मौत कोराना से हो चुकी है। दादर के सुश्रूषा हॉस्पिटल में आठ नए पॉजिटिव केस मिले हैं, जिनमें 6 नर्स और 2 डॉक्टर हैं। धारावी में बीएमसी एक लाख लोगों की स्क्रीनिंग करा रही है। 24 निजी डॉक्टरों के साथ मनपा चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम रविवार से ही स्क्रीनिंग कर रही है। अब तक 13 हजार लोगों की जांच की गई है।
विशेषज्ञ समिति गठित...
कोरोना से जुड़ीं मौतों की जांच के लिए सात सदस्यीय विशेषज्ञ टीम गठित की गई है। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने यह जानकारी दी। केईएम अस्पताल के पूर्व डीन डॉ. अविनाश सुपे को समिति के अध्यक्ष हैं। टोपे ने कहा कि समिति मरीजों की मौत के कारणों का पता लगाएगी। उन्होंने कहा कि विश्लेषण रिपोर्ट से कोरोना से मौत का आंकड़ा कम करने में मदद मिलेगी।
वसई-विरार में एक दिन में 11 लोग संक्रमित...
वसई-विरार मनपा क्षेत्र में मंगलवार को 11 लोग और संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही वसई तालुका में कोरोना मरीजों की संख्या 50 तक पहुंच गई है। वसई-विरार मनपा को शामिल करते हुए पालघर जिले में अब तक 53 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिनमें से पांच की मौत हो चुकी है।
नवी मुंबई में 17 की रिपोर्ट निगेटिव...
कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच नवी मुंबई के लोगों के लिए राहत के संकेत हैं। ऐसे 17 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जिन्हें पहले पॉजिटिव पाया गया था। निगेटिव रिपोर्ट वाले लोगों को अभी भी सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। शहर में 51 लोग कोरोना संक्रमित हैं।
Updated on:
15 Apr 2020 01:09 pm
Published on:
14 Apr 2020 11:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
