
सरकार ने विदेशी मीडिया की रिपोर्ट को किया खारिज (Photo-IANS)
Ahmedabad Air India Plane Crash: केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने अहमदाबाद में पिछले साल हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच को लेकर विदेशी मीडिया में आई रिपोर्टों को खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना की जांच अभी जारी है और अंतिम रिपोर्ट आने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
दरअसल, एक इटालियन अखबार ने दावा किया था कि जांच एजेंसियों ने अपनी रिपोर्ट में इस हादसे के लिए पायलटों को जिम्मेदार ठहराया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा, “हमारी जांच एजेंसियां मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। हमें अपनी एजेंसियों पर भरोसा करना चाहिए, न कि बाहरी रिपोर्टों पर।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब तक अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होती, तब तक टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी।
बता दें कि 12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, जो लंदन गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी, टेकऑफ के तुरंत बाद अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में 241 यात्रियों सहित कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी, जिससे यह भारत के सबसे भयावह विमान हादसों में से एक बन गया।
इधर, भारत की आधिकारिक जांच एजेंसी एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने भी बयान जारी कर कहा कि जांच अभी जारी है और कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। एजेंसी ने उन मीडिया रिपोर्टों को गलत और अटकलों पर आधारित बताया, जिनमें दावा किया गया था कि जांच पूरी हो चुकी है।
सरकार और जांच एजेंसियों ने कहा कि हादसे के तकनीकी, मानवीय और परिचालन से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी बड़ी विमान दुर्घटना की जांच में समय लगना स्वाभाविक है, क्योंकि ब्लैक बॉक्स डेटा, तकनीकी साक्ष्य और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विश्लेषण किया जाता है। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।
Published on:
15 Feb 2026 10:03 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
