नोएडा. नोएडा के सेक्टर-18 स्थित एक मसाज पार्लर में एक छात्रा से मसाज के दौरान छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि एक निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली छात्रा सोमवार को सेक्टर-18 स्थित स्काई स्टाइल नामक मसाज पार्लर में गई थी। यहां छात्रा तनाव दूर करने के लिए मसाज करवा रही थी। इसी दौरान मसाज कर रहे कर्मचारी ने छात्रा से गलत हरकत करनी शुरू कर दी। यह देख छात्रा शोर मचाते हुए पार्लर से बाहर आ गई। इसके बाद छात्रा ने सेक्टर-20 पुलिस से पार्लर की संचालिका और छेड़छाड़ करने वाले पुरुष कर्मचारी की शिकायत की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए पार्लर संचालिका आशा और त्रिलोकपुरी निवासी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है।