
रेस्टोरेंट में जांच करती टीम। फोटो- एएनआई
सूरत। वराछा की रणुजाधाम सोसायटी में एक परिवार के पांच सदस्यों के कथित फूड पॉइजनिंग की चपेट में आने का मामला सामने आया है। 5 वर्षीय बच्ची आर्या की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और दो बहनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक परिवार ने 15 अगस्त की रात एक रेस्टोरेंट से काजू-पनीर की सब्जी मंगाकर खाई थी। इसके कुछ घंटे बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी।
मृत बच्ची के बड़े चाचा भूपतभाई कलसरिया ने बताया कि उनके छोटे भाई अशोकभाई चकुरभाई कलसरिया 15 अगस्त की रात करीब 7:30 से 8 बजे के बीच शीतल रेस्टोरेंट से सब्जी का पार्सल घर लेकर आए थे। इसका भुगतान ऑनलाइन के जरिए किया गया था। परिजनों का कहना है कि खाना खाने के बाद करीब सुबह 4 बजे अशोकभाई और उनकी बेटी आर्या को उल्टी और पेट दर्द शुरू हुआ। परिवार ने पहले स्थानीय फैमिली डॉक्टर से इलाज कराया और ड्रिप लगाई गई।
अगले दिन परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत भी बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान आर्या की मौत हो गई। घटना की शिकायत मिलने के बाद सूरत नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार को रेस्टोरेंट पहुंची और जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सेजल व्यास ने बताया कि टीम ने खराब मिले खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया और बच्ची की मौत की जानकारी मिलने के बाद रेस्टोरेंट को बंद करा दिया। जांच में चना दाल खराब मिली, जबकि सब्जियां कुछ खराब हालत में और खुले में रखी थीं। पनीर भी खुले में रखा मिला। टीम ने इन सभी खाद्य पदार्थों को नष्ट करा दिया।
सेजल व्यास ने बताया कि विभाग को जानकारी मिली है कि परिवार ने 15 अगस्त को इसी रेस्टोरेंट से सब्जी और अन्य सामान खरीदा था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून के तहत रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि विभाग के अनुसार इस प्रतिष्ठान से पहले लिए गए खाद्य नमूनों की गुणवत्ता जांच में रिपोर्ट मानकों के अनुरूप आई थी। फिलहाल बच्ची की मौत और परिवार के अन्य सदस्यों के बीमार होने की घटना को संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के तौर पर देखा जा रहा है।
Updated on:
18 Aug 2026 04:48 pm
Published on:
18 Aug 2026 04:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
