
बाड़मेर और जैसलमेर से मिले ड्रोन और हैंड ग्रेनेड के मलबे।
India-Pakistan: बाड़मेर। भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बाद सीजफायर का एलान हो चुका है, लेकिन पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। शनिवार रात को ही देश के कई इलाकों से पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइल हमलों की खबरें आई। अब राजस्थान के सीमावर्ती जिले बाड़मेर और जैसलमेर से भी इसी तरह की खबरें सामने आई हैं।
बाड़मेर जिले के सीमावर्ती गांव भूरटिया से ड्रोन का मलबा मिला है। ग्रामीणों ने बताया कि जब वे छतों पर सो रहे थे तभी तड़के 4: 30 बजे अचानक आसमान में रौशनी छा गई और जोरदार धमाका हुआ। भूरटिया गांव के लोगों ने बताया कि तेज धमाका होने की वजह से उनकी नींद टूट गई और वे जग गए।
इन धमाकों के बाद भूरटिया गांव से ड्रोन का मलबा मिला है। लोगों का कहना है भारत के डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तानी ड्रोन को गिरा दिया है। मौके से ड्रोन का मलबा मिला है, जिसे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद कर लिया है। अब मलबे की जांच होगी।
दूसरी तरफ जैसलमेर के पोहड़ा गांव से हैंड ग्रेनेड मिला है, जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई है। इन धमाकों के बाद सीमावर्ती जिले के लोगों की नजरें बॉर्डर की तरफ टिकी हुई हैं। फिलहाल, अब चीजें सामान्य हो रही हैं।
सीमावर्ती जिला बाड़मेर में 48 घंटे की हाई अलर्ट के बाद सबुकछ सामान्य नजर आ रहा है। बाजार पूरी तरह से खुल गए हैं। सभी ट्रेनों को भी बहाल कर दिया गया है। इसके साथ ही बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। पुलिस भी शहर में लगातर गश्त कर रही है और हर गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
सीजफायर के दूसरे दिन जैसलमेर में भी सबकुछ सामान्य हो गया है। सड़कों पर लोग भारी संख्या में दिखने लगे हैं। सभी अपने जरूरी कामों में लग गए हैं। बाजार भी पूरी तरह से खुले नजर आ रहे हैं। आम जनजीवन सामान्य नजर आ रहा है, इसके बावजूद प्रशासन पूरी तरह से अभी अलर्ट मूड में है।
Updated on:
11 May 2025, 2:18 PM IST
Published on:
11 May 2025, 1:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.