आपको बताते चलें कि अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गाजियाबाद के एसएसपी वैभव कृष्ण और एसपी सिटी आकाश तोमर ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। इसी के तहत थाना सिहानी गेट इलाके की राजनगर एक्सटेंशन कॉलोनी में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच पुलिस को एक प्लसर बाइक पर सवार दो युवक आते हुए दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन, बाइक पर बैठे दूसरे युवक ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए दोनों को चारों तरफ से घेर लिया। इस दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें बदमाश राहुल के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही बदमाश जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस को अपनी ओर आता देख रोना शुरू कर दिया। उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि अब वह कभी अपराध नहीं करेगा और माफी मांगने लगा। बता दें कि इस एनकाउंटर में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। वहीं राहुल का एक साथी भागने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। राहुल पर कई जिलों के विभिन्न थानों में करीब 19 मुकदमे संगीन धाराओं में दर्ज हैं। इस पूरे मामले में एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि राहुल नाम का यह बदमाश देर रात राजनगर एक्सटेंशन में लोगों को निशाना बनाता था। यह हापुड़ के पिलखुवा थाना क्षेत्र के खैरपुर गांव का रहने वाला है।