
दिल्ली में NIA ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने में CRPF जवान को गिरफ्तार किया। (फोटोः AI)
CRPF Jawan in Delhi: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सोमवार को दिल्ली से एक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मामलों में एक और बड़े खुलासे के रूप में देखी जा रही है। आरोपी जवान की पहचान मोती राम जाट के रूप में हुई है। जो कथित तौर पर पिछले साल 2023 से आईएसआई अधिकारियों के संपर्क में था और उन्हें भारत की सुरक्षा से संबंधित गोपनीय जानकारियां मुहैया करा रहा था।
एनआईए ने अपने बयान में बताया कि आरोपी जवान भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित ‘क्लासिफाइड इन्फॉर्मेशन’ पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों (PIOs) को साझा कर रहा था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि वह इन जासूसी गतिविधियों के बदले अलग-अलग माध्यमों से पैसे भी प्राप्त कर रहा था। एनआईए ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर सोमवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 6 जून तक एनआईए की कस्टडी में भेज दिया गया है।
हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत और ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद देशभर में जासूरी नेटवर्क के खिलाफ केंद्र सरकार के आदेश पर कार्रवाई हो रही है। इसी कड़ी में पिछले दिनों हरियाणा की एक चर्चित यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार किया था। ज्योति मल्होत्रा भी पाकिस्तान के लिए भारत में जासूसी कर रही थीं। अब दिल्ली में सीआरपीएफ का जवान भी जासूसी के आरोप में पकड़ा गया है।
17 मई को हरियाणा की निवासी यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। ‘ट्रैवल विद जो’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाने वाली ज्योति के चैनल पर 3.77 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। पुलिस के मुताबिक वह दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात एक पाकिस्तानी कर्मचारी दानिश के संपर्क में आई थी और वहीं से उसका पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से संबंध जुड़ा।
जांच के अनुसार, 2023 में वह वीजा के लिए पाकिस्तान उच्चायोग गई थी। जहां उसकी मुलाकात दानिश से हुई। बाद में वह पाकिस्तान भी गई, जहां उसकी मुलाकात खुफिया अधिकारी शाकिर, राणा शाहबाज और अली अहवान से करवाई गई। वहां ठहरने की व्यवस्था भी इन्हीं लोगों ने की थी। वह ‘जट रंधावा’ नाम से शाहबाज का मोबाइल नंबर सेव कर अपने मोबाइल में रखती थी ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह व्हाट्सएप, टेलीग्राम और स्नैपचैट जैसे एन्क्रिप्टेड माध्यमों से पाकिस्तानी एजेंट्स से संपर्क में थी और उन्हें गोपनीय जानकारी देती थी। ज्योति ने खुद को अपने यूट्यूब चैनल पर ‘नोमैडिक लियो गर्ल’, ‘वंडरर हरयाणवी प्लस पंजाबी’ और ‘पुराने ख्यालों की मॉडर्न लड़की’ बताया है। उसने अब तक पाकिस्तान की यात्रा पर आधारित 487 वीडियो बनाए हैं, जिनमें “इंडियन गर्ल इन पाकिस्तान” और “इंडियन गर्ल ऐट कटासराज टेंपल” जैसे वीडियो शामिल हैं।
ज्योति की गिरफ्तारी से पहले पंजाब पुलिस ने मलेरकोटला से एक महिला समेत दो लोगों को भी जासूसी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया था। माना जा रहा है कि इस तरह के मामलों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि सुरक्षा एजेंसियां गहराई से जांच कर रही हैं और एक अंतरराष्ट्रीय जासूसी नेटवर्क की परतें खुल रही हैं।
एनआईए की ताजा कार्रवाई भारत की सुरक्षा पर मंडरा रहे खतरों को उजागर करती है। सरकार और जांच एजेंसियां अब हर स्तर पर निगरानी बढ़ा रही हैं और पाकिस्तान की ओर से हो रही जासूसी गतिविधियों को रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही हैं। इस मामले से यह स्पष्ट होता है कि देश के भीतर भी दुश्मन देश के लिए काम करने वाले तत्व मौजूद हैं, जिन्हें पहचान कर सख्त कार्रवाई करना अब समय की मांग है।
Updated on:
26 May 2025, 2:48 PM IST
Published on:
26 May 2025, 2:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.