
अमेरिका ने तेल टैंकर किया जब्त (Photo-X @Sec_Noem)
अमेरिका ने कैरेबियन सागर में एक और तेल टैंकर को जब्त किया है, जो कि वेनेजुएला से निकला था। यह टैंकर अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को तोड़कर बचने की कोशिश कर रहा था। दरअसल, वेनेजुएला के तेल उत्पादों के वितरण को नियंत्रित करने के ट्रंप प्रशासन के उद्देश्य के तहत यह पांचवीं ऐसी कार्रवाई थी।
होमलैंड सिक्योरिटी प्रमुख क्रिस्टी नोएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दुनिया के अपराधियों को चेतावनी दी जा रही है। आज सुबह, अमेरिकी सुरक्षा बल (USCG) ने कैरेबियन सागर के पूर्व में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में मोटर टैंकर ओलिना पर छापा मारकर उसे जब्त कर लिया। प्रतिबंधित तेल ले जाने के संदेह में, यह एक और घोस्ट फ्लीट टैंकर जहाज है, जो अमेरिकी सेना से बचने की कोशिश में वेनेजुएला से निकला था।
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी तटरक्षक बल ने अमेरिकी युद्ध विभाग, विदेश विभाग और न्याय विभाग के साथ मिलकर कानून के अनुरूप सुरक्षित और प्रभावी बोर्डिंग सुनिश्चित की। उन्होंने कहा, “ये फर्जी बेड़े न्याय से बच नहीं पाएंगे। वे राष्ट्रीयता के झूठे दावों की आड़ में नहीं छिप पाएंगे।” बता दें कि यह समुद्र पर अपना अधिकार जमाने जैसा है।
गृह सुरक्षा विभाग ने संकेत दिया कि भविष्य में भी इस तरह की ज़ब्ती जारी रहेगी और कहा कि अमेरिकी तटरक्षक बल प्रतिबंधित तेल ले जाने वाले तेल टैंकरों को जब्त करेगा, अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय कानून को लागू करेगा और "नारको-आतंकवाद सहित अवैध गतिविधियों के लिए धन के इन स्रोतों को समाप्त करेगा"।
बता दें कि यह घटना वाशिंगटन और मॉस्को के बीच संबंधों में पहले से ही तनाव पैदा कर चुकी एक हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के बाद हुई है। रूस ने एक अन्य टैंकर पर अमेरिकी कब्जे की कड़ी निंदा करते हुए चेतावनी दी है कि इस तरह की कार्रवाइयां शांतिपूर्ण जहाजरानी के खिलाफ बल प्रयोग की सीमा को कम करती हैं और यूरो-अटलांटिक क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा सकती हैं।
Updated on:
09 Jan 2026 09:32 pm
Published on:
09 Jan 2026 09:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
