
Sonam Raghuvanshi arrested Indore Missing Couple (फोटो सोर्स- ANI Hindi news)
Indore Missing Couple: शिलांग में लापता सोनम रघुवंशी उत्तरप्रदेश में मिली। बताया जा रहा है कि सोनम उत्तरप्रदेश के गाजीपुर में एक ढाबे में मिली है जहां पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। इस मामले में जहां एक तरफ मेघालय पुलिस ने सोनम को राजा की हत्या का मास्टरमाइंड घोषित करते हुआ बताया कि उसने काशी ढाबे में सरेंडर किया लेकिन वहीँ यूपी पुलिस का कुछ और कहना है।
मेघालय पुलिस महानिदेशक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मई 2025 में पूर्वी खासी हिल्स जिले से लापता हुए इस नवदंपती की तलाश के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। लगातार प्रयासों और बहु-राज्य समन्वय के जरिए तीन आरोपियों को पकड़ा गया। दो मध्य प्रदेश के इंदौर से और एक उत्तर प्रदेश के ललितपुर से। प्रेस नोट के मुताबिक, सोनम रघुवंशी ने खुद उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नंदगंज थाने में आत्मसमर्पण किया और अब वह यूपी पुलिस की सुरक्षित हिरासत में है। ट्रांजिट और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। (Sonam Raghuvanshi arrested)
हालांकि, यूपी पुलिस की कहानी अलग है। उनका दावा है कि सोनम एक ढाबे के पास रात दो बजे रोती-बिलखती हालत में मिली थी। वह पूरी तरह बदहवास थी और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती की गई। वहां उसने अपना नाम सोनम बताया और उसे वन स्टॉप सेंटर में भेज दिया गया था।
आपको बता दें कि, इंदौर क्राइम ब्रांच ने सोनम को गिरफ्तार ही माना है। क्राइम ब्रांच आज 11 बजे के बाद प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करेगा।
मेघालय की डीजीपी आई नोंगरांग ने सोमवार सुबह जानकारी दी थी कि राजा की पत्नी सोनम ने यूपी के गाजीपुर में पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। रातभर छापेमारी के बाद तीन अन्य हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया। डीजीपी ने बताया कि एक व्यक्ति को यूपी से पकड़ा गया है। नोंगरांग ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि सोनम ने राजा रघुवंशी की हत्या के लिए मध्य प्रदेश से 3 हत्यारों को भाड़े पर लिया था। उन्होंने कहा अपराध में संलिप्त कुछ और लोगों को पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश में अभियान अब भी जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनम कुछ समय पहले ही अपने घर में बात की थी। पुलिस सोनम के घरवालों के फोन पर पैनी नजर बनाई हुई थी। बताया जा रहा है कि सोनम ने अपने घर से बात करने के दौरान सरेंडर शब्द का इस्तेमाल किया था। 23 मई को लापता हुए इस जोड़े में राजा का शव 2 जून को खाई में मिला। हत्या और आत्मसमर्पण को लेकर दो राज्यों की पुलिस की अलग-अलग थ्योरी अब देशभर में चर्चा का विषय बन चुकी है।
Updated on:
09 Jun 2025 01:00 pm
Published on:
09 Jun 2025 10:48 am
