
File
Rajasthan Lok Sabha Chunav Results 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में राजस्थान के 6 प्रत्याशियों ने धमाकेदार जीत हासिल की है। धमाकेदार इस वजह से क्योंकि निकटतम प्रतिद्वंदी प्रत्याशी से इनकी जीत का फासला एक-दो लाख नहीं बल्कि पूरे तीन लाख से भी ज़्यादा वोटों का रहा है। इस शानदार जीत की दौड़ में सबसे टॉप पर हैं राजसमंद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी महिमा कुमारी मेवाड़, जिन्होंने इस चुनावी मुकाबले को अपने प्रतिद्वंदी से 3 लाख 92 हजार 223 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी है।
राजसमंद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी महिमा सिंह मेवाड़ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी डॉ दामोदर गुर्जर को 3 लाख 92 हज़ार 223 वोट के भारी-भरकम अंतर से हरा दिया। महिमा सिंह की ये जीत कई मायनों में ख़ास रही। अपने करियर का पहला चुनाव और वो भी सीधे लोकसभा का। उसमें भी पूरे राजस्थान की 25 सीटों में से सबसे बड़े अंतर की जीत हासिल करना इस जीत को ख़ास बना रहा है। गौरतलब है कि महिमा सिंह के पति विश्वराज सिंह मेवाड़ भी राजसमंद की ही नाथद्वारा सीट से विधायक हैं।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और चित्तौड़गढ़ से भाजपा प्रत्याशी रहे चंद्र प्रकाश जोशी ने भी लोकसभा में अपना मुकाबला धमाकेदार अंदाज़ में जीता है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी उदयलाल आंजना को 3 लाख 89 हज़ार 877 वोटों के अंतर से शिकस्त दी है। उन्होंने इस सीट पर लगातार तीन चुनाव जीतकर हैट्रिक लगाई है। इससे पहले की उनकी दो जीत भी धमाकेदार ही रहीं थीं। 2019 लोकसभा चुनाव में भी उनकी जीत का मार्जिन 5 लाख 76 हज़ार 247 वोटों का था, जो भीलवाड़ा में भाजपा प्रत्याशी सुभाष चंद्र बहेड़िया के रिकॉर्ड मार्जिन 6 लाख 11 हज़ार 460 के बाद दूसरे नंबर पर था। उससे पहले 2014 लोकसभा चुनाव में भी 3 लाख 16 हज़ार 857 के मार्जिन से जीत दर्ज की थी।
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, स्टार प्रचारक और राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह एक बार फिर से झालावाड़-बारां सीट पर धमाकेदार जीत के साथ संसद पहुंचेंगे। इस लोकसभा चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी उर्मिला जैन भाया को 3 लाख 70 हज़ार 989 वोटों से शिकस्त दी है। दुष्यंत इस सीट से पांचवीं बार फिर जीतकर सांसद बन रहे हैं। उनकी जीत में उनकी मां वसुंधरा राजे की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। दरअसल, राजे ने एकमात्र इसी सीट पर प्रचार करके अपने पुत्र को जीत दिलाई है।
भाजपा प्रत्याशी दामोदर अग्रवाल भीलवाड़ा से सांसद बनकर पहली बार संसद भवन में दाखिल होंगे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी सीपी जोशी को 3 लाख 54 हज़ार 606 वोटों के विशाल अंतर से परास्त किया है। दामोदर के सामने राजनीति के धुरंधर माने जाने वाले सीपी जोशी को हराने की चुनौती थी, जिसे उन्होंने बखूबी अंजाम दे दिया।
जयपुर शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा भी राजस्थान में बड़ी जीत हासिल करने वाले प्रत्याशियों की लिस्ट में शामिल हो गई हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप सिंह खाचरियावास को 3 लाख 31 हज़ार 767 वोटों से शिकस्त दी है। कांग्रेस को इस सीट पर चुनाव से ऐन पहले अपने घोषित प्रत्याशी के नाम में बदलाव करना पड़ा था, जिसका खामियाज़ा भी उसे उठाना पड़ा। मंजू शर्मा को भी पहली बार सांसद बनने का मौक़ा मिला है।
अजमेर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी ने इस बार का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी को हराकर जीता है। उनकी जीत का मार्जिन 3 लाख 29 हज़ार 991 वोटों का रहा। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी इसी अजमेर सीट से उन्होंने कांग्रेस के रिजु झुनझुनवाला को 4 लाख से भी ज़्यादा वोटों से शिकस्त दी थी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
5 Jun 2024, 12:21 PM IST
Published on:
5 Jun 2024, 11:53 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़




