
न्यूज एजेंसी ANI ने बताया कि सांबा में ब्लैकआउट के बीच भारतीय वायु रक्षा बलों ने पाकिस्तानी ड्रोन को रोका, लाल धारियां दिखीं और विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गईं। वहीं ANI ने आर्मी सूत्रों के हवाले से बताया कि तुलनात्मक रूप से, सांबा सेक्टर में बहुत कम संख्या में ड्रोन आए हैं। उनका मुकाबला किया जा रहा है और चिंता की कोई बात नहीं है। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित किया।
ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि भारत ने अमेरिका के दावे का खंडन किया। ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के बाद, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने 9 मई को प्रधानमंत्री मोदी से बात की। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने 8 मई और 10 मई को विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से और 10 मई को NSA अजीत डोभाल से बात की। इनमें से किसी भी चर्चा में व्यापार का कोई संदर्भ नहीं था।
होशियारपुर की डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा हम कुछ समय के लिए दसूहा और मुकेरियां के इलाकों में एहतियातन आंशिक ब्लैकआउट घोषित कर रहे हैं। मैं होशियारपुर के निवासियों से अपील करती हूं कि वे अपनी ओर से स्वैच्छिक ब्लैकआउट करें और अपने घरों के अंदर रहें। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक भारत और पाकिस्तान के DGMO के बीच शाम 5 बजे बात हुई। भारतीय सेना ने बताया कि DGMO की बातचीत में भारत और पाकिस्तान दोनों ने इस बात पर प्रतिबद्धता जताई कि दोनों तरफ से एक भी गोली नहीं चलाई जाएगी।
बता दें कि पंजाब के अमृतसर और होशियारपुर जिले में सोमवार को एहतियातन ब्लैकआउट कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि जालंधर के कुछ इलाकों में बिजली भी बंद कर दी गई है। जालंधर के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि एहतियाती उपाय के तौर पर, सुरनासी के आसपास के कुछ इलाकों में लाइटें बंद कर दी गई हैं, क्योंकि ड्रोन देखे जाने की खबरें मिली हैं। हम उनकी पुष्टि कर रहे हैं। अभी तक कोई (पूरी तरह) ब्लैकआउट नहीं है। चिंता की कोई बात नहीं है, जैसा कि सशस्त्र बलों के अधिकारियों ने पुष्टि की है। वे हमेशा की तरह नियमित रूप से निगरानी कर रहे हैं।
Updated on:
12 May 2025, 10:49 PM IST
Published on:
12 May 2025, 10:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.