
पुलिस ने विधायक अमीनुल इस्लाम को किया गिरफ्तार
Pahalgam Attack: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 28 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद पूरे देश में आक्रोश है। लोग आतंकवादियों पर पाकिस्तान पर कार्रवाई की भी मांग कर रहे हैं। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने भी कहा कि आतंकियों को कल्पना से बड़ी सजा देंगे। हालांकि कुछ लोग इस हमले में पाकिस्तान का बचाव कर रहे है। पहलगाम में हुए हमले पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद पुलिस ने असम के विधायक अमीनुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है।
ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के विधायक अमीनुल इस्लाम ने दावा किया था कि पुलवामा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के काफिले पर आत्मघाती हमला और पहलगाम हमला सरकार की साजिश थी।
इसके बाद सोशल मीडिया पर विधायक अमीनुल इस्लाम का वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडियो पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया। फिलहाल पुलिस ने विधायक इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। एक्स पर पोस्ट करते हुए असम पुलिस ने लिखा कि ढींग विधायक अमीनुल इस्लाम द्वारा सार्वजनिक रूप से दिए गए भ्रामक और भड़काऊ बयान के आधार पर, जो वायरल हो गया था और जिससे प्रतिकूल स्थिति पैदा होने की संभावना थी। उसको लेकर मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्हें अब गिरफ्तार किया गया है।
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि विधायक अमीनुल इस्लाम पर देशद्रोह का आरोप है। उन्होंने कहा कि हम उन सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की कोशिश कर रहे हैं जो आतंकवादी हमले के बाद प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से पाकिस्तान का बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं। वेव को सोशल मीडिया पर विधायक अमीनुल इस्लाम का बयान और वीडियो मिला है और पाया गया है कि वह पाकिस्तान का समर्थन कर रहे हैं, इसलिए हमने मामला दर्ज किया है।
विधायक अमीनुल इस्लाम के बयान से पार्टी ने किनारा किया है। एआईयूडीएफ प्रमुख मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने कहा उनकी पार्टी सरकार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह हमारा बयान नहीं था। हम पहले ही अपना बयान स्पष्ट कर चुके हैं और इस तरह की स्थिति में हम हमेशा एकजुट होकर सरकार के साथ खड़े हैं। आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता और जो लोग आतंकवाद फैलाते हैं वे इस्लाम के खिलाफ हैं।
Updated on:
24 Apr 2025, 8:26 PM IST
Published on:
24 Apr 2025, 8:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.