
Operation Sindoor: भारत द्वारा 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकियों के नौ ठिकानों को नष्ट करने के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। इस बढ़ते तनाव के चलते देश के उत्तरी हिस्सों में बुधवार को हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित रही। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने सुरक्षा कारणों से श्रीनगर हवाई क्षेत्र को पूरे दिन के लिए बंद कर दिया है। इस दौरान यहां कोई भी कमर्शियल फ्लाइट न तो उड़ान भरेगी और न ही लैंड करेगी।
सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने 7 मई को दोपहर 12 बजे तक जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट के लिए अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयर इंडिया ने जानकारी दी कि अमृतसर जाने वाली दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को दिल्ली डायवर्ट किया गया है। एयरलाइन ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताया है।
इंडिगो एयरलाइंस ने श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़ और धर्मशाला से आने-जाने वाली उड़ानों पर प्रभाव की पुष्टि की है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ानों की स्थिति की जांच जरूर करें।
स्पाइसजेट ने भी सोशल मीडिया पर यात्रियों को अलर्ट किया है कि धर्मशाला, लेह, जम्मू, श्रीनगर और अमृतसर जैसे प्रमुख एयरपोर्ट अगली सूचना तक बंद कर दिए गए हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को उड़ानों में संभावित देरी या रद्दीकरण के बारे में सतर्क रहने और समय-समय पर अपडेट चेक करने की सलाह दी है।
भारत ने यह सटीक सैन्य कार्रवाई 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की है, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी। ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में स्थित जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। सेना के अनुसार ये ठिकाने भारत में आतंकी हमलों की साजिश और योजना में शामिल थे।
Updated on:
7 May 2025, 10:54 AM IST
Published on:
7 May 2025, 7:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.