
Indore newlywed couple missing in Shillong शिलांग में लापता इंदौर दंपती की तलाश के लिए रघुवंशी समाज सड़क पर, भारत सरकार से सेना भेजने की मांग। (फोटो सोर्स- पत्रिका )
Indore Couple Missing in Shillong: मेघालय के शिलांग में पिछले आठ दिन से लापता मध्य प्रदेश के इंदौर के कपल अब तक ढूंढ़ा नहीं जा सका है। परिजनों का हाल बेहाल है, 16 मई को राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी की खुशियां, दुखों का पहाड़ बनकर टूट पड़ी हैं। माता-पिता को इंतजार है कि हमारे बच्चे कब वापस आएंगे। यही नहीं उन्हें बार-बार अनहोनी का डर भी सताने लगा है। शिलांग पुलिस लगातार उन्हें ढूंढ़ रही है। इधर इंदौर में शुक्रवार की सुबह रघुवंशी समाज सड़क पर उतर आया। समाज के लोगों के हाथों में तख्तियां और पोस्टर थे और चेहरे उदास...।
बता दें कि परिजनों ने गुरुवार 29 जून को मीडिया को एक पत्र शेयर किया था, इस पत्र में उन्होंने राजा और सोनम रघुवंशी को ढूंढ़ने के लिए सेना को भेजने का आग्रह किया था। इस पत्र द्वारा सीएम मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर सांसद शंकर लालवानी और कलेक्टर तथा, पुलिस कमिश्नर से अपील की गई थी वे भारत सरकार से मदद मांगें और सेना को शिलांग भेजें। उन्हें शिकायत है कि शिलांग पुलिस की कार्रवाई धीमी है, उनके पास केवल एक डॉग स्क्वॉड है। इतने दिन बाद भी शिलांग पुलिस उन्हें ढूंढ़ने में नाकाम है।
संबंधित खबरें:
बता दें कि राजा और सोनम रघुवंशी दोनों 23 मई से शिलांग में लापता हैं, पुलिस लगातार उनकी सर्चिंग कर रही है। लेकिन अब परिजनों के सब्र का बांध टूट चुका है, अब उन्हें इंतजार है कि जल्द ही उनके बच्चे सही सलामत लौट आएं। इस मामले में उनके साथ रघुवंशी समाज भी अब सरकार से सेना की मदद भेजने का आग्रह कर रहा है। शुक्रवार को शहर की सड़कों पर नजर आए रघुवंशी समाज के लोगों के हाथों में तख्तियां थीं, बड़े-बड़े पोस्टर थे, लेकिन उनके गले से आवाज नहीं निकल रही थी। बिना नारेबाजी, बिना किसी शोर उन्होंने अपना दुख और चिंता जाहिर करते हुए सरकार से दोनों बच्चों को वापस लाने की अपील की है। भारत सरकार से निवेदन किया है कि भारतीय सेना को शिलांग भेजकर राजा और सोनम को वापस लाने में उनका सहयोग करें।
Updated on:
7 Jun 2025, 5:11 PM IST
Published on:
30 May 2025, 4:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.